आठ दिन में सात लाख लाभुकों की ई-केवाईसी करना चुनौती
गिरिडीह में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन कार्ड धारकों का ई-केवाईसी 31 मार्च तक पूर्ण करना है। जिले में 7 लाख से अधिक लाभुकों का ई-केवाईसी नहीं हुआ है। प्रशासन ने ई-केवाईसी सप्ताह का...

गिरिडीह। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत राशन कार्ड के लाभुकों का ई केवाईसी 31 मार्च तक पूर्ण करना है। इसके लिए सरकार ने अंतिम तिथि 31 मार्च तक निर्धारित की है। जिले में अभी भी लगभग 7 लाख से अधिक लाभुकों का ई केवाईसी नहीं हुआ है। आठ दिनों में शत प्रतिशत ई केवाईसी करना चुनौती से कम नहीं है। हालांकि निर्धारित समय में ई केवाईसी करने के लिए जिला प्रशासन व आपूर्ति विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। 21 से 27 मार्च तक ई केवाईसी सप्ताह का आयोजन किया गया है। जिसके तहत अभियान चलाया जा रहा है और घर-घर जाकर ई केवाईसी करने का कार्य पीडीएस डीलरों द्वारा किया जा रहा है। हालांकि सर्वर की समस्या से परेशानी उठानी पड़ रही है। बता दें कि जिले में गुलाबी, पीला व ग्रीन कार्डधारकों की संख्या 4 लाख 62 हजार 865 है। इसमें 22 लाख 34 हजार 436 सदस्य हैं। 21 मार्च तक उक्त तीनों प्रकार के 4 लाख 21 हजार 665 कार्ड के 14 लाख 42 हजार 259 सदस्यों का ई केवाईसी हुआ है। 7 लाख 92 हजार 177 लाभुक सदस्यों का ई केवाईसी नहीं हुआ है। आपूर्ति विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 31 मार्च तक लाभुकों ने ई केवाईसी नहीं कराया तो राशन कार्ड से लाभुक का नाम डिलीट किया जा सकता है। ई केवाईसी सप्ताह में पीडीएस डीलरों को ई केवाईसी नहीं करानेवाले वैसे सदस्यों का डाटा भी संग्रह करना है, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। उसका सत्यापन संबंधित परिवार से करके रिपोर्ट सौंपनी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।