सनातन धर्म सभी धर्मों को लेकर चलने वाला: बाबूलाल मरांडी
धनवार प्रखण्ड के बोनासिंगा संतरायडीह ग्राम में आयोजित पांच दिवसीय यज्ञ के दूसरे दिन बाबूलाल मरांडी पहुंचे। उन्होंने यज्ञ स्थल पर माथा टेककर क्षेत्र की समृद्धि और शांति की कामना की। उन्होंने सनातन धर्म...

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। धनवार प्रखण्ड क्षेत्र के बोनासिंगा संतरायडीह ग्राम में आयोजित पांच दिवसीय श्रीश्री 1008 श्री ग्राम देवी प्राण प्रतिष्ठा सह शतचंडी महायज्ञ के दूसरे दिन झारखण्ड प्रदेश के प्रथम मुख्यमंत्री सह धनवार के विधायक बाबूलाल मरांडी यज्ञ स्थल पर पहुंच कर माथा टेक कर क्षेत्र की समृद्धि और शांति की कामना की। इस दौरान यज्ञ समिति के लोगों ने मरांडी का फूल माला तथा अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। मरांडी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सनातन धर्म तथा हिंदुत्व के उत्थान के लिए यज्ञ होना बहुत जरूरी है। कहा कि सभी धर्मों के लोगों को अपने-अपने धर्मो की शिक्षा दी जाती है पर सनातन धर्म एक ऐसा धर्म है जो सभी को साथ लेकर चलने पर विश्वास करता है।
कहा कि सनातन धर्म एक ऐसा धर्म है जो सभी धर्म के लोगों को साथ लेकर चलता है तथा मानव जाति के उत्थान की बात करता है। ऐसे धर्म की शिक्षा सभी विद्यालयों में भी मिलनी चाहिए। हम सभी लोगों से यज्ञ स्थल पर पहुंच कर पंडितों, महात्माओं तथा कथावाचकों की कथा सुनने की अपील करते हैं। साथ ही कहा कि आज पूरी दुनिया यज्ञ के महत्व को समझने लगा है। यज्ञ में होने वाले हवन पूजन तथा शंखनाद से वायुमण्डल स्वच्छ होता है। यह वैज्ञानिक भी मानने लगे हैं। यज्ञ समिति के अध्यक्ष बालेश्वर प्रसाद वर्मा तथा सचिव महेंद्र वर्मा ने कहा कि विकास, समृद्धि तथा भारतवर्ष में शांति की कामना को लेकर यज्ञ किया गया है। साथ ही बताया कि इस यज्ञ में गांव तथा क्षेत्र के लोगों का भरपूर सहयोग मिल रहा है। कहा जिस उद्देश्य से इस यज्ञ को किया गया है निश्चित रूप से सफल होगा। इस दौरान यज्ञ समिति के संयोजक बासदेव प्रसाद वर्मा, अरविंद वर्मा, लालजीत प्रसाद वर्मा, अनिल वर्मा, टहल महतो, धर्मेंद्र वर्मा, राजेन्द्र वर्मा, सुजीत कुमार, कमल प्रसाद वर्मा, धनेश्वर महतो, दिनेश्वर वर्मा, जागेश्वर कुशवाहा, प्रभात वर्मा, आशीष वर्मा, रूपेश वर्मा, मनीष कुमार वर्मा सहित भारी संख्या में महिला-पुरुष तथा बच्चे उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।