सुरदा क्रोसिंग दिशोम जाहेरगढ़ में बाहा पर्व की धूम, उमड़ा जन सैलाब
सुरदा क्रोसिंग स्थित दिशोम जाहेरगाढ़ क्षेत्र में बाहा बोंगा उत्सव धूमधाम से मनाया गया। महिलाएं पेंड़े साड़ी पहनकर और पुरुष 'टायाल काचा धोती' में थे। आदिवासी समुदाय ने अपने इष्टदेव को चढ़ावा चढ़ाया।...

मुसाबनी, संवाददाता। सुरदा क्रोसिंग स्थित दिशोम जाहेरगाढ़ क्षेत्र में बाहा बोंगा उत्सव हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पेंड़े साड़ी में महिलाएं और 'टायाल काचा धोती' पहने पुरुषों की भीड़ से दिशोम जाहेरगाढ़ सुरदा गुलजार रहा। पारंपरिक विधि-विधान के साथ बाहा पर्व पर प्रकृति की पूजा की गई। बाहा के मौके पर आदिवासी समुदाय ने अपने इष्टदेव 'जाहेर आयो-मारांग बुरु को चढ़ावा चढ़ाया। साल के फूलों से महिलाओं ने श्रृंगार किया और पुरुषों ने कान में साल के फूल लगाकर इष्टदेव से मन्नतें मांगी। नायके बाबा मुकरु हेम्ब्रम ने अपने सहयोगी के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद जाहेरथान में जुटे श्रद्धालुओं को साल के फूल आशीर्वाद स्वरूप बांटे गए। साल के फूल लेने के लिए जाहेरथान में महिलाओं व पुरुषों की भीड़ लगी रही।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के मंत्री रामदास सोरेन उपस्थित थे। उन्होंने मत्था टेक कर राज्य की खुशहाली की कामना की। अपने संबोधन में मंत्री रामदास सोरेन ने कहा कि दिशोम जाहेरगढ़ इस क्षेत्र के लोगों के लिए आस्था का प्रतीक है। यहाँ लोगों का सैलाब इस बात का गबाह है कि संथाल समाज प्रकृति के पुजारी हैं। विशिष्ट अतिथि में देश पारगाना बैजू मुर्मू, एचसीएल यूनिट हेड श्यामसुंदर सेट्ठी, जिरेन जेवियर टोपनो, शाहिल मार्डी, काली पद गोराई, जिला पार्षद देवयानी मुर्मू, जगदीश भगत, कई ग्राम के ग्राम प्रधान, मांझी परगना माहाल के पदाधिकारी सहित काफी संख्या में गण्यमान्य लोग इस अवसर पर मौजूद थे। अथितियों द्वारा बाहा नृत्य मंडलियों को पुरस्कार देकर पुरस्कृत किया गया।
सुरदा क्रोसिंग बाबा तिलका चौक स्थित दिशोम जाहेर गाढ़ में बाहा बोंगा उत्सव को सफल बनाने व विधि व्यवस्था को लेकर मुसाबनी डीएसपी संदीप भगत, थाना प्रभारी अनुज कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौजूद थे।डीएसपी के नेतृत्व में ट्रैफिक व्यवस्था बेहतरीन की गई थी। जिसकी सभी लोगों ने सराहना की। इस धार्मिक अनुष्ठान के सफल आयोजन में कमेटी के वर्तमान अध्यक्ष अर्जुन हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष धनंजय मार्डी , सचिव सुभाष मुर्मू, कोषाध्यक्ष कनाई मुर्मू, सिंगरई हेंब्रम, शिवचरण सोरेन ,कन्हाई हेंब्रम, सनी मुर्मू, सलाहकार लोबिन सबर, दाखिन हांसदा सहित अन्य सदस्यों का अहम योगदान रहा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।