भाजपा कार्यकर्ता को अपराधियों ने गोली मारी, रेफर
गढ़वा के चिनिया-रंका मार्ग पर अज्ञात अपराधियों ने भाजपा कार्यकर्ता योगेंद्र प्रसाद को गोली मारी। यह घटना शुक्रवार को हुई, जब वह काम से जा रहे थे। योगेंद्र को गंभीर स्थिति में अस्पताल में भर्ती किया...

गढ़वा, प्रतिनिधि। चिनिया-रंका मार्ग पर तहले गांव के पास अपराधियों ने दिनदहाड़े एक व्यक्ति को गोली मार दी। घटना शुक्रवार दोपहर करीब 3.30 बजे की है। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद घायल योगेंद्र प्रसाद को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में उसे इलाज के लिए लाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे रिम्स रेफर कर दिया गया। घायल योगेंद्र बरावाडीह पंचायत के पंचायत समिति सदस्य के पति हैं। वह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि योगेंद्र सिगसिगा से चिनिया कुछ काम से जा रहे था। उसी बीच अज्ञात अपराधियों ने योगेंद्र पर फायरिंग कर दी। उससे गोली उनके पीठ पर लगी। उधर योगेंद्र ने बताया कि यह घटना राजनीतिक षड्यंत्र के तहत अंजाम दिया गया। उन्होंने बताया कि पंचायत में योजना को लेकर उनका कुछ लोगों से विवाद चल रहा था। उन्होंने चुनाव में भी एक पार्टी के खिलाफ काम किए था। शुक्रवार को उस पार्टी की बैठक थी। उसी बैठक में एक रणनीति के तहत उसपर हमला कराया गया। उन्होंने बताया कि अचानक पीछे से एक बाइक पर सवार दो अपराधी आए। आते ही फायरिंग कर दी। घटना के बाद अपराधी बरवाडीह की ओर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद गढ़वा थाना प्रभारी बृज कुमार दल बल के साथ सदर अस्पताल पहुंचकर योगेंद्र का बयान दर्ज किया। योगेंद्र के भाई ने बताया कि विधानसभा चुनाव के बाद से ही कुछ लोगों के साथ संबंध ठीक नहीं चल रहा था। साजिश के तहत उनकी हत्या कराना चाहते थे। उसी मामले में घटना को अंजाम दिया गया। एसपी दीपक कुमार पांडेय ने बताया कि चिनिया थाना के बरवाडीह पंचायत के बीडीसी के पति को अपराधियों ने गोली मारी है। उसे बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर भेजा गया है। पुलिस सभी बिंदुओं पर अनुसंधान शुरू कर दी है। जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।