तोपचांची में मजदूरों से भरी पिकअप पलटी, 40 घायल, 12 गंभीर
गोमो में रविवार को एक पिकअप वैन दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें 40 मजदूर घायल हुए। सभी मजदूर गिरिडीह जिले के विभिन्न गांवों के थे और अवैध कोयला खनन के लिए जा रहे थे। घायलों को तोपचांची सामुदायिक...

गोमो, प्रतिनिधि तोपचांची थाना क्षेत्र के लेदाटांड़ के पास जीटी रोड पर रविवार की दोपहर मजदूरों से भरी पिकअप वैन पलट गई। हादसे में 40 मजदूर घायल हुए हैं। सभी गिरिडीह जिले के धावाटांड़ समेत अन्य गांवों के थे। घटना के बाद सभी को तोपचांची सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां से गंभीर रूप से घायल 21 मजदूरों को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां पहुंचे घायलों का इमरजेंसी में इलाज के बाद 11 को भर्ती कर लिया गया है। ज्यादा गंभीर एक मजदूर को रिम्स रांची रेफर किया गया है। वहीं 9 को इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
इन्हें हल्की चोट थी। सभी गिरिडीह जिले के धावाटांड़, पीरटांड़, डुमरी आदि के हैं। घायलों ने बताया कि सभी पिकअप वैन से कतरास स्थित भाटडीह में अवैध कोयला खनन के लिए जा रहे थे। जीटी रोड पर वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। वैन के पलटते ही उसमें सवार मजदूरों में चीख पुकार मच गई। सभी मजदूर घायल हो गए थे। सड़क पर सभी दर्द से तड़पने लगे। घटना के बाद वैन चालक और खलासी घायलों को छोड़ वहां से भाग निकला। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी को तोपचांची (साहूबहियार) सीएचसी पहुंचाया। अचानक बड़ी संख्या में पहुंचे घायलों से सीएचसी की व्यवस्था चरमरा गई। आनन-फानन में किसी तरह प्राथमिक उपचार कर गंभीर रूप से घायल 21 मजदूरों को धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया। धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में सभी घायलों का इलाज किया गया। अवैध खदान कोयला ढुलाई करने जा रहे थे मजदूरों के अनुसार सभी कोयले के अवैध खदान में खुदाई करने जा रहे थे। पहले भी वे लोग अलग-अलग खदानों में काम करने जाते रहे हैं। ठेकेदार उन सबको बुलाता है। ठेकेदार ही गाड़ी भेजता है। इमरजेंसी में अफरातफरी, अधीक्षक ने स्वयं मोर्चा संभाला धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में एक साथ 21 घायलों के आ जाने वहां अफरातफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलते ही अधीक्षक डॉ डीके गिंदोरिया स्वयं दर्जन भर डॉक्टरों के साथ इमरजेंसी पहुंचे और मोर्चा संभाल लिया। जो मरीज जहां था, वहीं उसका इलाज किया जाने लगा। एक घंटे के अंदर सभी का प्राथमिक उपचार कर लिया गया। 12 को भर्ती कर लिया गया और 9 को इलाज के बाद घर भेज दिया गया। 108 एंबुलेंस में भरकर लाए गए घायल तोपचांची की 10 किलोमीटर की परिधि में उस समय मौजूद 108 एंबुलेंस सेवा की सभी सात गाड़ियों को सीएचसी बुलाया गया। एक-एक एंबुलेंस पर दो-दो, तीन-तीन मरीजों को लाद कर धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया। ये हुए हैं घायल हीरालाल हेंब्रम (42 वर्ष), सोमरा हेंब्रम (35 वर्ष), लक्खी देवी (30 वर्ष), महावीर साह (35 वर्ष), पवन महतो (25 वर्ष), गोकिल महतो (25 वर्ष), रीतलाल मरांडी (22 वर्ष), मालती देवी (35 वर्ष), कतिया मांझी (40 वर्ष), दुर्गा हेंब्रम (42 वर्ष), चिरका मांझी (52 वर्ष), अनिल मुर्मू, मंझली देवी, पंकज मुर्मू, दासों, चडए मरांडी, दिनेश हेंब्रम, रीतलाल मुर्मू, चांदमुनी देवी, बिरजू मुर्मू, विजू मरांडी, देवती देवी, एतवारी मुरी, सोनाधी सोरेन आदि।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।