राष्ट्रीय लोक अदालत में डेढ़ अरब रुपए की हुई रिकवरी
धनबाद में राष्ट्रीय लोक अदालत में एक अरब 51 करोड़ 70 लाख 36 हजार 833 रुपए की रिकवरी कर तीन लाख 41 हजार 440 विवादों का निपटारा किया गया। सागर देवी को उनके पति की मृत्यु के बाद एक करोड़ 42 लाख 66 हजार...

धनबाद, प्रतिनिधि राष्ट्रीय लीगल सर्विसेज अथॉरिटी (नालसा) के निर्देश पर वर्ष के पहले राष्ट्रीय लोक अदालत में शनिवार को एक अरब 51 करोड़ 70 लाख 36 हजार 833 रुपए की रिकवरी कर कुल तीन लाख 41 हजार 440 विवादों का निपटारा किया गया। वाहन दुर्घटना में पति की मौत के बाद बेसहारा हुई सागर देवी को रॉयल सुंदरम इंश्योरेंस कंपनी की ओर से एक करोड़ 42 लाख 66 हजार 227 रुपए का मुआवजा दिया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार तिवारी और डीसी माधवी मिश्रा ने सागर देवी को उनके अधिवक्ता बीके सिन्हा की उपस्थिति में चेक प्रदान किया। उद्घाटन रांची झालसा से ऑनलाइन न्यायमूर्ती सुजीत नारायण प्रसाद ने किया। वहीं धनबाद में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा के चेयरमैन वीरेंद्र कुमार तिवारी और डीसी माधवी मिश्रा ने किया।
इस मौके पर न्यायाधीश वीरेंद्र कुमार तिवारी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत संविधान के परिकल्पना को पूरी करने के दिशा में एक कदम है। नवंबर 2013 से पूरे देश में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन हर तीन माह में किया जा रहा है। हमारा संविधान हर लोगों को सामाजिक, आर्थिक और सस्ता सुलभ न्याय की गारंटी देता है। डीसी ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत आम आदमी के हित के लिए लगाए जाते हैं। बिना प्रशासनिक सहयोग के हम समाज तक न्याय नहीं पहुंचा सकते। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार सहाय, अवर न्यायाधीश सह सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकार राकेश रोशन सहित सभी न्यायिक पदाधिकारी उपस्थित थे। डालसा सचिव ने बताया कि विवादों एवं मुकदमों के निपटारे के लिए 14 बेंच का गठन किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।