सफाईकर्मी और सुपरवाइजर हड़ताल पर चले गए
धनबाद में रेमकी कंपनी के 600 सफाईकर्मी और सुपरवाइजर ने टॉर्चर के आरोपों के कारण हड़ताल पर चले गए। हड़ताल की वजह से शहर में सफाई व्यवस्था ठप हो गई है और कचरा उठाव नहीं हो रहा है। कर्मचारियों ने तीन...

धनबाद। शहर में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन और शहरी क्षेत्र में सफाई का जिम्मा संभालने वाली निगम की अधिकृत निजी एजेंसी रेमकी के 600 सफाईकर्मी और सुपरवाइजर हड़ताल पर चले गए हैं। कंपनी के कर्मियों ने तीन अधिकारियों पर टॉर्चर करने का आरोप लगाते हुए हड़ताल कर दी है। हड़ताल की वजह से शहर में सफाई का काम पूरी तरह से ठप पड़ गया है। नगर निगम के सभी 55 वार्डों में डोर टू डोर कचरा कलेक्शन का काम रेमकी कंपनी कर रही है। साथ ही सड़कों के किनारे सभी डस्टबीन और नीचे रखे कचरे को भी उठाती है। रेमकी कंपनी ने अभी कुछ दिन पहले पुराने प्रोजेक्ट हेड प्रणव पटनायक को हटाकर अमित कुमार को लाया है।
रेमकी के सुपरवाइजर और सफाईकर्मियों का आरोप है कि नए प्रोजेक्ट हेड द्वारा अनावश्यक रूप से कचरा कलेक्शन बढ़ाने का दबाव दिया जा रहा है। इसी क्रम में कपंनी के एचआर शैलेश पांडेय को इतना अधिक प्रेशर दिया गया कि वह बेहोश होकर ऑफिस में गिर पड़े। जालान में उनका इलाज चल रहा है। इसके विरोध में शुक्रवार को कंपनी के कर्मी हड़ताल पर चले गए। रेमकी के सुपरवाइजर मो. उजफा अंसारी ने आरोप लगाया कि तीन अधिकारी द्वारा रूम लॉक कर टार्चर किया जा रहा है। कंपनी के तीन अधिकारी मुरलीधरण, गोविंद सिंह और साकेत शुक्ला पर आरोप लगाया कि तीनों मिलकर कर्मचारियों को टॉर्चर कर रहे हैं साथ ही चोरी और गबन का आरोप लगा रहे हैं। हड़ताली कर्मियों ने कहा कि अगर हमलोगों ने गबन किया है तो इसकी जांच हो और थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए। हड़ताली कर्मी ने कहा कि तीनों अधिकारी जबतक माफी नहीं मांगते हैं वह लोग काम नहीं करेंगे। इधर प्रोजेक्ट हेड अमित कुमार ने कहा कि टार्चर की बात गलत है। कंपनी के एचआर शैलेश पांडेय की तबियत खराब हो गई। हमलोगों ने ही उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया है। शहर में नहीं हुआ कचरा उठाव, जगह-जगह गंदगी: रेमकी कर्मियों की हड़ताल की वजह से शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई। रेमकी के लभग 600 कर्मी शुक्रवार को हड़ताल पर रहे। हड़ताल की वजह से घरों का कचरा नहीं उठा। सड़कों के किनारे भी कचरे का अंबार लगा हुआ था। निगम ने वैकल्पिक रूप से कुछ सफाईकर्मी लगाकर मेन रोड में काम करवाया। अंदर की गलियों में कचरा उठाव नहीं होने से परेशानी बढ़ गई।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।