लोगों के सपने की हत्या करने वाले की हार: कुमार विश्वास
धनबाद सांसद ढुलू महतो के श्रीराम महायज्ञ में कवि सम्मेलन में दिल्ली चुनाव के परिणाम पर चर्चा हुई। कवियों ने केजरीवाल और आम आदमी पार्टी पर व्यंग्य किया। कुमार विश्वास ने केजरीवाल की हार को भारतीय...

धनबाद। चिटाही धाम में धनबाद सांसद ढुलू महतो के श्रीराम महायज्ञ में शनिवार की देर रात आयोजित कवि सम्मेलन में दिल्ली चुनाव का परिणाम छाया रहा। कवियों ने हास्य और व्यंग्य के जरिए केजरीवाल और आप (पार्टी) पर जमकर बोला। एक कवि ने कहा कि महाकुंभ में पाप और दिल्ली में आप साफ। कवि सम्मेलन में आकर्षण के केंद्र रहे कुमार विश्वास ने तो केजरीवाल की हार पर इशारों में ऐसी-ऐसी टिप्पणियां कीं कि लोग तालियां बजाते रहे। कुमार विश्वास ने कहा कि भारत की राजनीति को बदलने के सपने की हत्या करने वाले की हार है। इससे पहले कुमार विश्वास ने यहां तक कहा कि निर्लज, नीच, चरित्रहंता व मित्रहंता की हार है। पतन प्रारंभ हो गया है। दुर्योधन के अहंकार की हार है। दुशासन का पतन हुआ। न्याय मिलने में देर होती है, लेकिन न्याय मिलता जरूर है। राजा राम सरकार ने जो न्याय किया, इसके लिए दंडवत प्रणाम करता हूं। संयोग देखिए आज ही ये अवसर मिला, जब चिटाही धाम में राजा राम सरकार के दरबार में आया हूं। कुमार विश्वास ने कहा कि आधे मन से घर से निकला। जब घर से निकल रहा था तो सैकड़ों मीडिया वाले इंतजार कर रहे थे। चिटाही धाम आने की जल्दी में था। अब लग रहा है कि यहां भी मीडिया के लोग वही सुनने के लिए परेशान हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।