Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़धनबादCoal India Workers Anticipate Increased Bonus for Durga Puja Amid Management-Union Talks

कोयला कर्मियों को 91,800 रुपए तक मिल सकता है बोनस

कोयला कर्मी दुर्गापूजा पर मिलने वाले बोनस के इंतजार में हैं। प्रबंधन और यूनियन के बीच बैठक के बाद ही बोनस की राशि तय होगी। वर्ष 2023 में 85000 बोनस मिला था, इस बार 91800 रुपए तक मिल सकता है। पिछले एक...

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबादSat, 31 Aug 2024 09:04 PM
share Share

धनबाद, मुकेश सिंह कोयला कर्मियों की नजर अब दुर्गापूजा पर मिलने वाले बोनस (प्रॉफिट लिंक्ड रिवार्ड) पर है। कोयला क्षेत्र में अब चर्चा का मुख्य विषय बोनस ही है। कोल सेक्टर का बोनस कोयलांचल में पूजा का सबसे बड़ा आकर्षण है। तीन अक्तूबर से दुर्गापूजा शुरू हो रही है। इसके पहले बोनस को लेकर प्रबंधन और यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बैठक संभव है। भुगतान पंचमी-षष्ठी तक होता है। वर्ष 2023 में कोयला 85000 बोनस मिला था। इस बार 91,800 रुपए तक बोनस मिल सकता है।

फिलहाल बोनस भुगतान को लेकर कोल इंडिया में प्रॉफिट लिंक्ड स्कीम लागू नहीं है। प्रबंधन-यूनियन प्रतिनिधियों के बीच वार्ता से बोनस तय किया जाता है। वैसे इसी साल जून महीने में कोल इंडिया एपेक्स जेसीसी की बैठक में यूनियनों के समक्ष प्रॉफिट लिंक्ड स्कीम का प्रस्ताव कोल इंडिया प्रबंधन ने दिया था। उसके अनुसार 2024 में कोयला कर्मियों को 91,800 रुपए तक बोनस मिल सकता है। हालांकि ट्रेड यूनियन नेताओं ने प्रबंधन के इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया था। यानी इसबार भी प्रबंधन-यूनियन के बीच वार्ता से ही बोनस की राशि तय की जाएगी। कई यूनियन नेताओं ने बातचीत में संकेत दिया है कि प्रॉफिट लिंक्ड स्कीम से कम बोनस तो नहीं मिलेगा। कोल इंडिया को बीते वित्तीय वर्ष में रिकॉर्ड मुनाफा हुआ है।

पिछले एक दशक में कोयलाकर्मियों को वर्षवार मिले बोनस पर नजर डालें तो हमेशा वृद्धि का रुख रहा है। इस आधार पर कह सकते हैं कि 2024 में भी पिछले वर्ष से ज्यादा ही बोनस मिलेगा। वर्ष 2022 के मुकाबले 2023 में 8500 रुपए बढ़ाकर बोनस का भुगतान किया गया था। वर्ष 2022 में 76,500 बोनस मिला था। वहीं वर्ष 2023 में 85,000 बोनस दिया गया था। यदि 2024 में भी बोनस में 8500 रुपए की वृद्धि होती है तो 93,500 रुपए तक बोनस मिल सकता है। यह रकम प्रॉफिट लिंक्ड स्कीम से थोड़ी ज्यादा ही है। वैसे बैठक के बाद ही पता चलेगा कि बोनस की राशि कितनी तय होगी। जल्द बैठक की तिथि की घोषणा के आसार हैं।

कोल इंडिया के बोनस का सबसे ज्यादा पैसा झारखंड में आता है। सबसे ज्यादा कोयलाकर्मी झारखंड में ही हैं। बीसीसीएल, सीसीएल एवं सीएमपीडीआईएल के साथ ईसीएल के तीन एरिया राजमहल, मुगमा एवं चितरा झारखंड में है। कोल इंडिया में कुल मैनपावर 2.28 लाख है। इनमें 85 हजार अकेले झारखंड में है।

पिछले एक दशक में कब कितने रुपए मिला बोनस

वर्ष बोनस

2014 40,000

2015 48,500

2016 54,000

2017 57,000

2018 60,500

2019 64,700

2020 68,500

2021 72,500

2022 76500

2023 85000

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें