जनसंघ से भाजपा तक का सफर संघर्षों से भरा रहा : राज सिन्हा
धनबाद में भाजपा ने रामनवमी के साथ 46वां स्थापना दिवस मनाया। पार्टी कार्यालय में झंडोत्तोलन किया गया और कई कार्यक्रम आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई। विधायक राज सिन्हा ने भाजपा के गठन और उसके...

धनबाद, विशेष संवाददाता रामनवमी के साथ रविवार को भाजपाइयों ने पार्टी का 46वां स्थापना दिवस मनाया। मौके पर पार्टी कार्यालय में पार्टी का झंडोत्तोलन किया गया। कार्यक्रम में महानगर एवं ग्रामीण जिलाध्यक्ष के साथ-साथ धनबाद विधायक राज सिन्हा उपस्थित थे।
कार्यक्रम धनबाद महानगर अध्यक्ष सरवन राय की अध्यक्षता में हुआ। 6 अप्रैल से 12 अप्रैल तक स्थापना दिवस को लेकर कई कार्यक्रम होने हैं। राष्ट्रव्यापी कार्यक्रमों की शृंखला में बूथ से लेकर विधानसभा स्तर तक सम्मेलन और कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं।
पार्टी कार्यालय में भाजपा के संस्थापक दीनदयाल उपाध्याय एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई एवं भाजपा के इतिहास पर प्रकाश डाला गया।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ भाजपा का गठन 6 अप्रैल 1980 को नई दिल्ली में हुआ था। पहले अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने। अपनी स्थापना के साथ ही भाजपा ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय एवं लोकहित के विषयों पर मुखर रहते हुए भारतीय लोकतंत्र में अपनी सशक्त भागीदारी दर्ज की एवं भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। देश में विकास आधारित राजनीति पर जोर दिया। जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी तक का यह सफर अनेकों संघर्षों, बलिदानों और समर्पण से भरा रहा। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, नरेंद्र मोदी जैसे महान नेताओं के नेतृत्व में यह पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र को लेकर भाजपा राष्ट्र सेवा में अग्रसर है। कार्यक्रम में भाजपा नेत्री तारा देवी, ग्रामीण जिलाध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, वीरेंद्र हांसदा, महामंत्री मानस प्रसून, जिला मंत्री पंकज सिन्हा, प्रियंका देवी, रूपेश पासवान, रंजीत कुमार बिल्लू, मंडल अध्यक्ष राजाराम दत्ता, किशोर मंडल, हरेंद्र सिंह, मयूर शेखर झा, नीरज सिन्हा, इंद्रकांत झा, रंजय सिंह सहित कई उपस्थित थे।
........
सांसद समेत दो-दो विधायक नहीं दिखे
कार्यक्रम में सांसद ढुलू महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह एवं बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो नजर नहीं आए। सांसद एवं दो-दो विधायकों की अनुपस्थिति पर अंदरखाने चर्चा भी होती रही है। इन दिनों भाजपा के अंदर सांगठनिक पदों पर चयन की कवायद चल रही है। मंडल अध्यक्ष से लेकर जिलाध्यक्षों के नाम की जल्द ही घोषणा होने वाली है। ऐसे में पार्टी के अंदर खींचतान के कई मायने निकाले जा रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।