Hindi NewsJharkhand NewsDhanbad NewsAtal Virasat Conference Celebrates Atal Bihari Vajpayee s Birth Centenary in Dhanbad

अटल बिहारी के कार्यकाल में भारत की धमक पूरी दुनिया ने सुनी : नीरा

धनबाद में भाजपा द्वारा अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अटल विरासत सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नीरा यादव ने वाजपेयी के योगदानों को याद किया। पूर्व सांसद पशुपतिनाथ...

Newswrap हिन्दुस्तान, धनबादMon, 10 March 2025 05:22 AM
share Share
Follow Us on
अटल बिहारी के कार्यकाल में भारत की धमक पूरी दुनिया ने सुनी : नीरा

धनबाद, विशेष संवाददाता धनबाद महानगर और ग्रामीण भाजपा की ओर से रविवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में अटल विरासत सम्मेलन का आयोजन किया गया। इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स एसोसिएशन सभागार में महानगर भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी सह कोडरमा विधायक नीरा यादव ने कहा कि नाम अटल, काम अटल। ऐसे व्यक्तित्व के बारे में कुछ बोलना सूर्य को दीपक दिखाने जैसा है। वहीं ग्रामीण भाजपा की ओर से जिला कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम के प्रभारी बालमुकुंद सहाय थे।

नीरा यादव ने कहा कि विख्यात कवि, कुशल वक्ता, कुशल राजनीतिज्ञ, कुशल संगठनकर्ता जिस भी रूप अटल जी को याद करें, वे लाजवाब थे। वाजपेयी को अजातशत्रु के नाम से जाना जाता है। सही मायने में उनका कोई शत्रु नहीं था। वे जब लोकसभा में बोलते थे या कविता वाचन करते थे तो उनके मुख से मानों अमृतवाणी निकलती थी। प्रधानमंत्री के रूप में उन्होंने देश को तरक्की की राह पर अग्रसर किया। भारत की धमक पूरे विश्व सहित अमेरिका तक सुनाई दी। आतंक के मुद्दे पर पाकिस्तान की घेराबंदी में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने वर्ष 1977 में बतौर विदेश मंत्री संयुक्त राष्ट्र महासभा में हिंदी में दमदार भाषण दिया था। उन्होंने ही भारत को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाया। अटल जी के विचारों का सभी को अनुसरण करना चाहिए।

मौके पर पूर्व सांसद पशुपतिनाथ सिंह ने कहा कि अटल जन्मशताब्दी समारोह भाजपा का राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम है, जिसके तहत सभी जिलों में अटल विरासत सम्मेलन किया जा रहा है। वे भारतीय जनसंघ के संस्थापकों में से एक थे। देश को विकसित करने का विजन दिया। राष्ट्रीय राजमार्ग विकास परियोजना, गांव से गांव को एवं गांव को शहरों से जोड़ने के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना उनकी दूरदर्शिता को प्रदर्शित करती है। सर्व शिक्षा अभियान, जिसका उद्देश्य प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना एवं गरीब बच्चों तक शिक्षा को सुलभ बनाना था। वे सदैव भारत के उत्थान के लिए संकल्पित रहे। अटल बिहारी वाजपेयी एकमात्र ऐसे नेता थे, जिनका विपक्ष भी सम्मान करता था।

कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष श्रवण राय एवं संचालन धनेश्वर महतो ने किया। चंद्रशेखर सिंह, संजीव अग्रवाल एवं रमेश राही ने भी सम्मेलन को संबोधित किया।

इधर ग्रामीण भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में मुख्य वक्ता सह प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय थे। प्रदेश कार्यसमिति सदस्य ज्ञानरंजन सिन्हा, सिंदरी से प्रत्याशी तारा देवी, टुंडी विधानसभा प्रत्याशी विकास महतो ग्रामीण अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, रतिरंजन गिरि, महादेव कुंभकार, मनोज मिश्रा, गिरजाशंकर उपाध्याय, मोहन कुंभकार आदि ने भी संबोधित किया। धन्यवाद ज्ञापन बलदेव महतो ने किया। सम्मेलन में जिला मंत्री आशीष मुखर्जी, प्रकाश बाउरी, मंडल अध्यक्ष दिनेश मंडल, सुजीत चौधरी, रंजीत सिंह, निवास तिवारी, तालेश्वर साव, तिलक मंडल, सुरजीत चंद्रा, विरंची सिंह, गोपाल भारती, अरविंद पाठक, बमबम साव, विद्युत चक्रवर्ती, आशुतोष पाल, राकेश तिवारी, नवल सिंह चौधरी, माला देवी, संजीत सिंह आदि उपस्थित थे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।