बच्चे की अच्छी शिक्षा का प्रलोभन, महिला का यौन शोषण
मधुपुर की एक महिला ने पाथरोल मध्य विद्यालय के शिक्षकों हीरालाल भुइयां और परशुराम मंडल के खिलाफ यौन शोषण और अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि उसके पति...

मधुपुर। पाथरोल थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव निवासी महिला ने पाथरोल मध्य विद्यालय के शिक्षक हीरालाल भुइयां व परशुराम मंडल पर यौन शोषण कर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने की प्राथमिकी थाना में दर्ज कराई है। पीड़िता ने पुलिस को जानकारी दी है कि उसका पति दिव्यांग है। कुछ नहीं बोल सकता है। वह अपने परिवार का भरण-पोषण गोबर चुनकर व गोयठा बेचकर करती है। इसके अलावा दूसरे के घरों में काम करती है। इसी को लेकर दोनों आरोपितों ने उसकी आर्थिक स्थिति पर सहानुभुति दिखाते हुए कहा कि उसके बेटे को अच्छी शिक्षा देंगे। इसके अलावा परिवार का भरण-पोषण व आर्थिक मदद करने का भी आश्वासन दिया। उनलोगों ने उसके हाथ में पांच सौ रुपए थमा दिया। उसके बाद लगातार तीन महीने तक दोनों आरोपितों ने झांसा देकर लगातर उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि 15 दिन पहले भी दोनों ने बहला-फुसलाकर सीमावर्ती गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के करमजोरा गांव ले जाकर धोखे में रखकर पुनः दुष्कर्म किया और वापस गांव ले जाकर छोड़ दिया। आरोप है कि दोनों ने दुष्कर्म के दौरान मोबाइल से उसकी अश्लील फोटो, वीडियो ले ली। उसके बाद दोनों ने धमकी दी कि दोबारा बच्चे की अच्छी शिक्षा व परिवार के भरण-पोषण के लिए रुपए मांग करोगी तो अश्लील फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर देंगे। सामाज में जीने लायक नहीं रहोगी। साथ ही बेटे को जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना को लेकर पंचायत भी बुलाई गयी। पंचायत में समय की मांग लेकर दिन टालते गए। लाचार होकर थाना पहुंची और पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर महिला का बयान न्यायालय में दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपित फरार है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।