कल्याणकारी अधिकारी बनकर महिला से की 69 हजार की ठगी
देवघर की एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। अज्ञात व्यक्ति ने खुद को महिला कल्याण विभाग का अधिकारी बताकर महिला से व्यक्तिगत जानकारी ली और एक लिंक भेजा। लिंक भरने के बाद महिला के खाते से 69,300 रुपये...

देवघर,प्रतिनिधि। नगर थाना क्षेत्र के कालीबाड़ी मोहल्ला निवासी एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। खुद को राज्य सरकार के महिला कल्याण विभाग का अधिकारी बताने वाले एक अज्ञात व्यक्ति ने महिला को झांसे में लेकर उसके खाते से 69,300 रुपये उड़ा लिए। इस संबंध में पीड़ित महिला राजेश्वरी देवी ने साबइर थाना में अज्ञात के विरुद्ध शिकायत की। पीड़िता ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि शनिवार सुबह लगभग 10:30 बजे उनके निजी मोबाइल नंबर पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। उसने खुद को राज्य सरकार के महिला कल्याण विभाग का पदाधिकारी बताया और महिला को कुछ सरकारी योजना का लाभ देने की बात कही।
व्यक्ति ने महिला से कुछ व्यक्तिगत जानकारी ली और फिर मोबाइल पर एक लिंक भेजा। उसने कहा कि लिंक भरने के बाद महिला को लाभ की राशि सीधे खाते में भेजी जाएगी। विश्वास में आकर महिला ने उस लिंक को खोला और उसमें मांगी गई जानकारी भरकर जैसे ही सबमिट किया, वैसे ही उनके खाते से 69,300 रुपये एक अज्ञात खाते में ट्रांसफर हो गए। घटना के बाद जब उन्होंने उस व्यक्ति से संपर्क किया, तो उसने बताया कि यह एक तकनीकी गड़बड़ी है और कुछ ही देर में रुपये वापस आ जाएंगे। महिला ने उस व्यक्ति की बातों में आकर रविवार सुबह 11 बजे तक इंतजार किया। जब रुपये वापस नहीं आए, तो उन्होंने दोबारा उस व्यक्ति को कॉल किया, लेकिन तब तक उनका नंबर ब्लॉक कर दिया गया था। महिला ने दूसरे नंबर से भी संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन वहां से कोई जवाब नहीं मिला। तब जाकर महिला को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने मामले की जानकारी सागर थाना को दी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।