Hindi NewsJharkhand NewsDeogarh NewsRed Cross Society Elections Held After 13 Years in Madhupur with Uncontested Winners

डॉ. अरुण गुटगुटिया अध्यक्ष व महेंद्र घोष निर्विरोध सचिव निर्वाचित

मधुपुर में रेडक्रॉस सोसाइटी का चुनाव 13 वर्षों के बाद हुआ। वाइस चेयरमैन पद पर अरविंद यादव निर्विरोध जीत गए, जबकि चेयरमैन पद पर डॉ. अरुण गुटगुटिया को बिना मतदान चुना गया। सभी प्रमुख चार पदों पर...

Newswrap हिन्दुस्तान, देवघरFri, 25 April 2025 06:19 AM
share Share
Follow Us on
डॉ. अरुण गुटगुटिया अध्यक्ष व महेंद्र घोष निर्विरोध सचिव निर्वाचित

मधुपुर प्रतिनिधि अनुमंडल कार्यालय कक्ष में रेडक्रॉस सोसाइटी मधुपुर अनुमंडल शाखा का बहुप्रतीक्षित चुनाव 13 वर्षों के बाद गुरुवार को संपन्न हो गया। इस दौरान चुनाव में वाइस चेयरमैन पद को लेकर तीखी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। रेड क्रॉस सोसाइटी के कार्यकारी सदस्य बताते हैं अरविंद यादव और मोती सिंह के बीच कड़ी टक्कर की स्थिति बन गई थी, जिससे मतदान की संभावना बन रही थी। हालांकि, अंतिम समय में डॉ. अरुण गुटगुटिया के हस्तक्षेप से हेमंत नारायण सिंह को मनाया गया और अरविंद यादव निर्विरोध विजयी हुए।

चेयरमैन पद पर भी दिलचस्प मोड़ : बदलती परिस्थितियों में लोकनाथ खंडेलवाल चेयरमैन पद के लिए प्रस्तावक के साथ मतदान केंद्र पहुंचे, लेकिन अंततः डॉ. अरुण गुटगुटिया निर्विरोध चुन लिए गए।

सभी प्रमुख चार पदों पर निर्विरोध चयन : भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मधुपुर अनुमंडल शाखा के पदाधिकारी के चुनाव में चारों प्रमुख पदों के लिए एकमात्र उम्मीदवारों ने नामांकन किया,जिसके परिणामस्वरूप सभी निर्विरोध चुने गए। जिसमें चेयरमैन डॉ. अरुण कुमार गुटगुटिया,वाइस चेयरमैन अरविंद यादव, सचिव महेंद्र घोष, कोषाध्यक्ष रंजन कुमार को अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने प्रमाण-पत्र सौंपा। इस अवसर पर नवनिर्वाचित पदाधिकारी को कार्यकारिणी सदस्यों ने माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि सभी के सहयोग से शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न हुआ है। हमें संस्था के सेवा कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाना है। चुनाव को लेकर सुबह 10:30 बजे से ही अनुमंडल कार्यालय परिसर में गहमा-गहमी शुरू हो गई थी। पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के लिए जवानों को तैनात किया था। प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी हरे राम दिनकरजी को मजिस्ट्रेट के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था।

तीन सदस्य रहे अनुपस्थित : 25 निर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों में 22 ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया, जबकि तीन सदस्य शबाना खातून, पिंकी विवेक बथवाल और अमित मोदी अनुपस्थित रहे।

मतदान को लेकर असमंजस की स्थिति : वाइस चेयरमैन पद पर दो उम्मीदवारों के आमने-सामने होने से कार्यकारिणी सदस्यों के चेहरे पर साफ असमंजस देखा गया। करीब आधे घंटे तक सदस्य इस उधेड़बुन में रहे कि किसके पक्ष में मतदान करें। अंततः अरविंद यादव के निर्विरोध चुने जाने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।

पहली कार्रकारिणी की बैठक रविवार को : डॉ. अरुण गुटगुटिया ने कहा कि सभी के सहयोग से चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ है। सभी मिलकर संस्था को आगे बढ़ाएंगे। आगामी रविवार को पहली कार्यकारिणी बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न पदों का विस्तार कर सभी को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। इस चुनाव के साथ एक नई, ऊर्जावान और समर्पित टीम का गठन हुआ है, जो समाज सेवा और मानवीय कार्यों में नए आयाम स्थापित करने के लिए तैयार है। यह टीम रेड क्रॉस सोसाइटी, मधुपुर को नई दिशा और गति प्रदान करने के लिए कटिबद्ध है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें