देवघर-गोड्डा, देवघर-दुमका व देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन सेवा शुरू
देवघर से यात्रियों की सुविधा के लिए देवघर-गोड्डा, देवघर-दुमका और देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन सेवा शनिवार से शुरू हुई। रेलवे ने ट्रेन नंबर 03146/03145 के मार्ग और समय में बदलाव किया है। अब यह ट्रेन...

देवघर कार्यालय संवाददाता देवघर से यात्रियों की सुविधा के लिए शनिवार से देवघर-गोड्डा, देवघर-दुमका व देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन सेवा की शुरूआत आंशिक बदलाव के साथ शनिवार से शुरू हो गयी है। रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना आई है। रेलवे प्रशासन ने 13 अप्रैल 2025 से ट्रेन संख्या- 03146/03145 देवघर-गोड्डा-देवघर मेमू स्पेशल के संचालन मार्ग और समय में बदलाव करने का निर्णय लिया है। अब यह ट्रेन हरलाटांड़-हंसडीहा के बजाय दुमका-हंसडीहा मार्ग से होकर चलेगी। रेलवे के हवाले से जानकारी दी गयी है कि बदलाव का उद्देश्य परिचालन दक्षता में सुधार करना और देवघर व गोड्डा के बीच रेल संपर्क और अधिक सुलभ बनाना है। नए समय और मार्ग के अनुसार ट्रेन संख्या- 03146 देवघर-गोड्डा मेमू स्पेशल हर दिन सुबह 5 बजे देवघर स्टेशन से रवाना होगी। यह ट्रेन मोहनपुर, घोरमारा, बासुकीनाथ, दुमका, बारापलासी, नोनीहाट, हंसडीहा और पोड़ैयाहाट होते हुए सुबह 8 बजे गोड्डा पहुंचेगी। इसी प्रकार, वापसी में ट्रेन संख्या- 03145 गोड्डा-देवघर मेमू स्पेशल सुबह 8:15 बजे गोड्डा से रवाना होकर उन्हीं स्टेशनों पर रुकते हुए पूर्वाह्न 11:15 बजे देवघर पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यात्रा करने वाले यात्रियों को अब दुमका के रास्ते यात्रा करने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी और रेल संपर्क मजबूत होगा। पूर्व रेलवे से मिली जानकारी अनुसार यह बदलाव यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए किया गया है, क्योंकि दुमका महत्वपूर्ण जिला मुख्यालय है और इस मार्ग से अधिक संख्या में यात्रियों को जोड़ने की संभावना है। इसके अलावा, यह मार्ग पहले की तुलना में बेहतर ट्रैक स्थिति और स्टेशन सुविधाएं भी प्रदान करता है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि वह नई समय-सारणी और बदले हुए मार्ग की जानकारी ध्यानपूर्वक समझकर अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बनाएं। वहीं ट्रेन नंबर- 03147 देवघर-भागलपुर मेमू स्पेशल ट्रेन 11:30 बजे देवघर से खुलेगी और 14:50 बजे भागलपुर पहुंचेगी। रास्ते में चांदन, कटोरिया, करझौंसा, बांका, मुरहारा, बाराहाट, धौनी और टिकानी स्टेशन में ट्रेन रुकेगी। जबकि ट्रेन नंबर- 03148 भागलपुर-देवघर मेमू स्पेशल 15:30 बजे भागलपुर से खुलेगी और 19:30 बजे देवघर पहुंचेगी। यह ट्रेन भी रास्ते में उक्त सभी स्टेशनों पर रुकेगी। बताते चलें कि सांसद डॉ. निशिकांत दुबे के अनुरोध पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से तुरंत बैद्यनाथधाम-दुर्गापुर पैसेंजर, बैद्यनाथधाम-कियुल पैसेंजर, देवघर-रामपुरहाट भाया बासुकिनाथ-दुमका पैसेंजर, देवघर-गोड्डा भाया हंसडीहा पैसेंजर व देवघर-जमालपुर भाया बांका, भागलपुर पैसेंजर ट्रेन चालू कराने का आग्रह किया था। उसी के मद्देनजर रेल मंत्री ने तुरंत निर्णय लेते हुए देवघर-गोड्डा, देवघर-दुमका सहित देवघर-भागलपुर पैसेंजर ट्रेन चालू कराने का काम किया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।