भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मधुपुर अनुमंडल शाखा का चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न
मधुपुर में भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी की अनुमंडल शाखा का चुनाव रविवार को शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। 454 मतदाताओं में से 367 ने मतदान किया। महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन ने कहा...

मधुपुर,प्रतिनिधि। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी अनुमंडल शाखा मधुपुर का चुनाव रविवार को अनुमंडल कार्यालय परिसर में शांतिपूर्वक संपन्न हो गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक 25 कार्यकारिणी पदों के चुनाव के लिए मतदान कराया गया। कुल 49 प्रत्याशी चुनाव मैदान में डटे थे। अधिकांश प्रत्याशी अपने पक्ष में मतदाताओं को मतदान के लिए रिझाते रहे। उमस भरी गर्मी में प्रत्याशी अपनी थकान और पसीने की परवाह किए बिना मतदाताओं से मिलकर समर्थन मांगते रहे। पालोजोरी और सारठ से दर्जनों लोग वाहनों में सवार होकर मतदान करने पहुंचे। महिलाओं ने चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाई। महिला प्रत्याशी के पक्ष में महिलाएं एकजुट दिखी। भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा मधुपुर के सदस्य के रूप में सूबे के कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन, सारठ विधायक उदय शंकर सिंह, पूर्व मंत्री राज पलिवार, पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह समेत सैकड़ों गणमान्य महिला, पुरुष मतदाता ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 454 मतदाताओं में 367 मतदाताओं ने मतदान किया। अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार के नेतृत्व में 12 वर्षों के बाद भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मधुपुर अनुमंडल शाखा का चुनाव कराया गया। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी के लिए रिटर्निग ऑफिसर सीओ यामुन रविदास, कार्यपालक पदाधिकारी विनय कुमार पाण्डेय, बीडीओ अजय कुमार दास, नगर प्रशासक सुरेंद्र किस्कू चुनाव कर्मियों के साथ शांतिपूर्ण चुनाव कराने में जुटे रहे। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सत्येंद्र प्रसाद की निगरानी में सुरक्षा बल भी तैनात रहे। चुनावी रणनीति और गठजोड़ को लेकर प्रत्याशियों के बीच खासा उत्साह देखा गया। मतदान केंद्र पर सुरक्षा पारदर्शिता और शांतिपूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन मुस्तैद रहा। मतदान करने के बाद सूबे के कैबिनेट मंत्री हफीजुल हसन ने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मधुपुर अनुमंडल शाखा का चुनाव को देखकर दूसरे जगह भी अब चुनाव होगा। कुछ लोगों को लगता था कि रेडक्रॉस शाखा पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है यह सब अब समाप्त हो जाएगा। अच्छे कार्यकारिणी सदस्य जीतकर आएंगे , एक अच्छी कमेटी बनाकर सेवा भावना से कार्य किया जाएगा। सूबे के पूर्व मंत्री राज पलिवार और पूर्व मंत्री रणधीर कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी मधुपुर शाखा का चुनाव दलगत भावना से ऊपर उठकर हो रहा है। सेवा भावना रखने वाले लोगों को चुनकर कमेटी में लाना है। ताकि समाज के गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए कमेटी काम कर सके। मतदान के बाद मतगणना चल रही है, चुनाव परिणाम देर शाम तक घोषित किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।