चतरा सांसद के खिलाफ झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ ने खोला मोर्चा, काला बिल्ला लगाकर किया विरोध
चतरा सांसद के खिलाफ झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ ने खोला मोर्चा, काला बिल्ला लगाकर किया विरोध,चतरा सांसद के खिलाफ झारखंड प्रशासनिक सेवा संघ ने खोला मोर्च

चतरा प्रतिनिधि चतरा में इन दिनों सांसद और जिला प्रशासन के बीच खूब नोक झोंक चल रहा है। यही कारण है कि चतरा के भाजपा सांसद कालीचरण सिंह के विरुद्ध झारखण्ड प्रशासनिक सेवा संघ जिला ईकाई ने मोर्चा खोल दिया है। गुरूवार को प्रशासनिक सेवा संघ के लोगों ने काला बिल्ला लगाकर इसका विरोध किया। चतरा सांसद पर संघ ने आधिकारियों के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग, गाली-गलौज व अपमानित करने का गंभीर आरोप लगाया है। नगर परिषद द्वारा डीएमएफटी मद से शहर में लगाए गए सोलर लाईट मामले में गड़बड़ी की जांच कर रहे अपर समाहर्ता, नगर परिषद पदाधिकारी व विद्युत आपूर्ति प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता की संयुक्त टीम के विरुद्ध चमड़े की रखवाली कुत्ते को सौंपी गयी है, जैसे अमर्यादित शब्दों का चयन अपने शिकायत पत्र में करने का सांसद पर गंभीर आरोप लगाया गया है। पूर्व डीडीसी के विरुद्ध भी झासा के अधिकारियों ने सांसद पर पथभ्रष्ट, पतित और दुराचारी जैसे अमर्यादित भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया है। मामले में डीडीसी अमरेंद्र सिन्हा के नेतृत्व में झासा चतरा जिला इकाई की आपात बैठक हुई। जिसमें सांसद के वरीय अधिकारियों के प्रति नकारात्मक व अपमानजनक कार्यशैली के विरुद्ध 27 फरवरी को काला बिल्ला लगाकर विरोध जताने, व माफी नहीं मांगने पर झासा ईकाई ने चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी दी है। बैठक में मुख्य रूप से अपर समाहर्ता अरविंद कुमार जिला भू-अर्जन पदाधिकारी वैभव सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी मनींद्र भगत, अनुमण्डल पदाधिकारी जहूर आलम समेत जिला स्तरीय व जिले के सभी प्रखण्ड विकास पदाधिकारी के साथ सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में झासा संघ के द्वारा सर्वसम्मति से सांसद के पूर्वाग्रह से ग्रसित शब्दों की निंदा की गयी। अधिकारियों ने कहा लोकसभा सदस्य जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देता।
सांसद ने कहा
सांसद ने इस मामले को लेकर प्रेस कांफ्रेंस बुलाया और कहा कि पूर्व मंत्री सत्यानंद भोग्ता के कहने पर सांसद की छवि को धूमिल करवा रहें हैं। जबकि मैने पदाधिकारियों के खिलाफ कोई अमर्यादित भाषा का प्रयोग नहीं किया हूं। डीसी के उकसावे पर सारे पदाधिकारी काला बिल्ला लगाकर मेरा विरोध कर रहे हैं। डीसी के खिलाफ एक मार्च को काला बिल्ला, दो मार्च को प्रखंड स्तर पर मशाल जुलूस, चार को प्रखंड स्तर पर धरना प्रदर्शन और इसके बाद जिला मुख्यालय में उग्र प्रदर्शन किया जायेगा।
डीसी ने कहा
इस मामले में डीसी रमेश घोलप ने कहा कि सांसद पदाधिकारियों को अमर्यादित भाषा बोल रहे हैं। मैं क्यों सांसद की छवि धूमिल करना चाहुंगा। मैं सिर्फ अपना काम कर रहा हुं। पदाधिकारियों के विरोध प्रदर्शन से मेरा कोई लेना देना नहीं है।
पूर्व मंत्री भोगता ने कहा
इस मामले में पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने कहा कि चतरा के सांसद और विधायक विकास विरोधी है। राज्य सरकार पदाधिकारियों के माध्यम से विकास कार्य कर रही है, तो ये लोग उसका विरोध कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।