Hindi NewsJharkhand NewsChaibasa NewsNegotiations Between Labor Union and Management Lead to Positive Outcomes for Workers in Guwa

झारखंड मजदूर संघर्ष संघ और सेल प्रबंधन के बीच सकारात्मक वार्ता, आंदोलन टला

गुवा में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ और खदान प्रबंधन के बीच वार्ता के बाद कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर सहमति बनी। संघ ने समान काम के लिए समान वेतन की मांग की, और प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाया। महिलाओं और...

Newswrap हिन्दुस्तान, चाईबासाWed, 16 April 2025 11:24 AM
share Share
Follow Us on
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ और सेल प्रबंधन के बीच सकारात्मक वार्ता, आंदोलन टला

गुवा । झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय के नेतृत्व में मंगलवार देर शाम को संघ के प्रतिनिधिमंडल और गुवा खदान के सीजीएम कमल भास्कर तथा महाप्रबंधक (पीएंडए) प्रवीण सिंह के बीच व्यापक स्तर पर वार्ता हुई। मजदूरों और बेरोजगारों से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई, इस सकारात्मक बातचीत के बाद संघ ने गुवा प्रबंधन के खिलाफ प्रस्तावित आंदोलन को स्थगित करने का निर्णय लिया। संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने वार्ता के बाद बताया कि समान काम के लिए समान वेतन की मांग को लेकर अब ठोस पहल की गई है। उन्होंने बताया कि इस विषय पर लगभग 250 लोगों की सूची बीएसएल, बोकारो प्रबंधन को भेजी जा चुकी है। इससे संबंधित प्रक्रिया अब गति पकड़ रही है। पांडे ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले ठेका मजदूरों का वेतन काटने की जो खबरें फैलाई जा रही थीं, वे महज अफवाह हैं। प्रबंधन ने ऐसी किसी भी कार्रवाई से इनकार किया है। सेल अस्पताल, किरीबुरु में ब्लड बैंक के संचालन में आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर कर जल्द इसकी सेवाएं बहाल की जाएंगी। साथ ही गुवा और किरीबुरु दोनों अस्पतालों में ब्लड बैंक की सुविधा को पुनः शुरू करने की बात कही गई है। इसके अलावा, क्षेत्र में एक नई एम्बुलेंस की व्यवस्था भी जल्द की जाएगी। संघ ने मांग रखी कि खदान क्षेत्र में महिलाओं और स्थानीय खिलाड़ियों को स्थायी और अस्थायी रोजगार में जोड़ा जाए। साथ ही महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ देते हुए उन्हें रोजगार प्रदान किया जाए। प्रबंधन ने इस मांग पर भी सकारात्मक रुख अपनाया है। गुवा स्थित डीएवी स्कूल में वर्षों से जमे शिक्षकों का स्थानांतरण करने तथा निजी शिक्षक-शिक्षिकाओं की नियुक्ति और उनकी सुविधाओं में वृद्धि की मांग संघ द्वारा रखी गई, जिस पर प्रबंधन ने विचार का आश्वासन दिया। गुवा टाउनशिप में वर्तमान में 50 नए आवास बनाए जा रहे हैं। इस संख्या में और बढ़ोतरी की योजना है। साथ ही, कर्मचारियों के उपयोग हेतु एक नया सामुदायिक भवन भी बनाने की घोषणा की गई है। गुवा अस्पताल में विभिन्न रोगों के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। साथ ही अस्पताल के सुचारु संचालन के लिए अलग से डीजी सेट की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी काम चल रहा है। खदान कैंटीन में डीजी लाइट का कनेक्शन जल्द दिया जाएगा। खदान के ऑपरेटरों को हर दो वर्ष पर मिलने वाली ड्रेस जो लंबे समय से नहीं मिली है, उसे भी शीघ्र वितरित किया जाएगा। कर्मचारियों के डाउन ग्रेड से संबंधित लंबित मामलों का समाधान जल्द करने की बात कही गई। इसके साथ ही, टाउनशिप और कार्यस्थलों पर स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन भी दिया गया। संघ द्वारा स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की मांग पर प्रबंधन ने सकारात्मक रुख अपनाया है। इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की बात कही गई है। कोलकाता में सेल द्वारा मरीजों के लिए उपलब्ध गेस्ट हाउस जो फिलहाल बंद है, उसे दोबारा शुरू करने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय कर्मचारियों और उनके परिजनों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा। इस महत्वपूर्ण वार्ता में संघ की ओर से रामा पांडेय के साथ अंतर्यामी महाकुड़, रजेश यादव, सिकंदर पान, केदार ठाकुर, नूतन सुंडी, चंद्रिका खंडाईत, सीमा पुरती और आरती होरो जैसे प्रमुख सदस्य उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर मजदूरों और बेरोजगारों के अधिकारों के लिए आवाज उठाई।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें