Notification Icon
Hindi Newsझारखंड न्यूज़बोकारोJharkhand CM Hemant Soren Welcomes Thousands at Football Ground Event

सरकार आपकी सारी जिम्मेवारी उठाने को तैयार : हेमंत

मंच से उतरकर जनता के बीच आधे घंटे तक खड़े रहकर मुख्यमंत्री ने किया संबोधित, कहा कि गरीबों का आशीर्वाद मेरे साथ, पैसे वाले हमारा क्या बिगाड़ सकेंगे

Newswrap हिन्दुस्तान, बोकारोFri, 13 Sep 2024 07:15 PM
share Share

बेरमो/गोमिया, प्रतिनिधि। गोमिया के ललपनिया फुटबॉल मैदान में शुक्रवार को बोकारो व रामगढ़ जिला स्तरीय आपकी योजना, आपकी सरकार आपके द्वार में पहुंचे मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को जोहार कहकर, नगाड़ा बजाकर व सांस्कृतिक गीत-नृत्य के साथ स्वागत किया गया। यहां हजारों-हजार की तादाद में महिला-पुरुष कोने-कोने से पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने अन्य पंचायतों में लगे आपके द्वार में लाभुकों से जनसंवाद भी किया।

ललपनिया करीब दो घंटे विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री दोपहर करीब तीन बजे उतरते ही सीधे लुगुबुरु घांटाबाड़ी धोरोमगाढ़ में दोरबारी चट्टानी स्थित पुनाय-

थान में पूजा अर्चना के बाद फुटबॉल मैदान आए। तुरंत मंच से उतरकर जनता के बीच पुष्प वर्षा कर करीब सवा तीन बजे से लेकर पौने चार बजे तक खड़े होकर संबोधित किया। अंतिम में दो मिनट संथाली में संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने जनता से कहा कि आप सभी मुझे याद रखियेगा, हर एक चेहरे पर खुशहाली होगी। गरीबों का आशीर्वाद मेरे साथ है तो ये पैसे वाले हमारा क्या बिगाड़ सकेंगे। आगे कहा कि झारखंड देश का पहला राज्य है जहां सभी को पेंशन दिया जा रहा है। महिलाओं को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना से जोड़ा गया। वहीं नियोजन, रोजगार, अनाज, कपड़ा व विदेशों तक बच्चों की पढ़ाई सहित लगभग सारी जिम्मेवारी सरकार ने उठाई है। खेती का प्रारूप अब बदला। ऐसे में 200 यूनिट तक बिजली भी फ्री किया, बकाया भी माफ किया। अगले पांच साल में कई जनकल्याणकारी योजनाएं लाऊंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बात सही है कि झारखंड खनिज संपदाओं व हरियाली से भरा हुआ है। इसलिए तो विरोधियों की इस राज्य पर विशेष नजर है। और जब-जब विरोधियों की सरकार रही, प्रदेश को लूटने-खसोटने का काम किया गया। इसलिए इनसे बचकर रहना है। कहा कि कोरोना काल के दो साल में विषम परिस्थितियों में भी राज्य व राज्यवासियों को संभाला। इसके बाद जब काम करना शुरू किया तो विरोधी पीछे पड़ गए। फिर जेल से बाहर आकर जनसेवा में लग गया हूं।

विरोधियों की हवा निकल गई है : इससे पहले झारखंड पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष सह गोमिया के पूर्व विधायक योगेंद्र प्रसाद महतो ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार में ऐतिहासिक कार्य किये जा रहे हैं। यह देखकर विरोधियों की हवा निकल गई है। इसलिए तो बाहर से नेता मंगाए जा रहे हैं। परंतु मुझे पूरा विश्वास है कि आगामी समय में झारखंड की जनता भी ऐतिहासिक आशीर्वाद हमारी सरकार को देगी।

इन योजनाओं का दिया गया लाभ : मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, अबुआ आवास योजना, अबुआ स्वास्थ्य सुरक्षा योजना, आयुष्मान कार्ड, जाति, आय, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, राशन एवं आधार कार्ड में संशोधन, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, गुरुजी स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मनरेगा, सामुदायिक और व्यक्तिगत वन पट्टा से जुड़े मामले, राजस्व से जुड़े मामले, बिरसा हरित ग्राम योजना, बिरसा सिंचाई कूप संवर्धन योजना, धोती-साड़ी लूंगी वितरण, कंबल वितरण था।

इनका भी था नाम परंतु दिखे नहीं : गरिमामयी उपस्थिति में गिरिडीह सांसद चन्द्र प्रकाश चौधरी, धनबाद सांसद ढुलू महतो व हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल तथा बोकारो विधायक बिरंची नारायण, बड़कागांव विधायक अम्बा प्रसाद व रामगढ़ विधायक सुनीता चौधरी का भी नाम था। परंतु नहीं दिखे।

मंचासीन व मौजूदगी इनकी भी : झामुमो बोकारो जिलाध्यक्ष हीरालाल मांझी, जिला कोषाध्यक्ष अशोक कुमार मुर्मू, झामुमो डुमरी विस क्षेत्र के युवा नेता अखिलेश महतो ऊर्फ राजू, झामुमो नेता मंटू यादव, केदारनाथ पंडा के अलावा महागठबंधन दल के कई नेता शामिल हुए।

ये सभी अधिकारीगण मौजूद थे : बोकारो जोन के आईजी माइकल राज एस, कोयलांचल डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा, बोकारो डीसी विजया जाधव व एसपी पूज्य प्रकाश, रामगढ़ डीसी चंदन कुमार व एसपी अजय कुमार, अपर नगर आयुक्त अनंत कुमार, एनडीसी रामगढ़ रविन्द्र गुप्ता, बेरमो एसडीओ अशोक कुमार व एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह के अलावा दोनों जिले के पुलिस-प्रशासनिक के वरीय व कनीय अधिकारीगण मौजूद थे।

चंद्रपुरा की महिलाएं भी पहुंची

चंद्रपुरा। ललपनिया में मुख्यमंत्री के आगमन पर चंद्रपुरा क्षेत्र की महिलाओं ने भी भाग लिया। जिला प्रशासन ने प्रखंड कार्यालय से ललपनिया आने-जाने के लिए बस की व्यवस्था की थी। सभी के लिए नाश्ता और पानी की भी व्यवस्था थी। करीब दो दर्जन बस सीओ सह प्रभारी बीडीओ नरेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में चंद्रपुरा से रवाना की गई। क्षेत्र से बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता भी गए और देर शाम वापस लौटे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें