बोले बोकारो: समस्याओं के मकड़जाल में धर्मशाला मोड़
बोकारो के चास बाजार में जल संकट और ट्रैफिक जाम की गंभीर समस्या है। यहां पार्किंग की कमी और बिजली व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है। लोग जल और बिजली के लिए परेशान हैं। नगर निगम पर इन समस्याओं का समाधान...
बोकारो के चास बाजार स्थित धर्मशाला चौक चास के लोगों के लिए प्रमुख केंद्र है। बोकारो बसने से पूर्व इसी चौक से शहरवासी बस सहित अन्य वाहनों पर सवार होकर अपने गणतव्य तक पहुंचते थे। धीरे-धीरे यह इलाका एक बड़े बाजार के रूप में तब्दील हो गया। लेकिन समस्याएं बढ़ती चली गई। जिलेभर से लोग खरीदारी के लिए चास पहुंचते हैं। यहां पर न तो पार्किंग की कोई व्यवस्था है और न ही सड़कें चौड़ी हो पाई है। ऐसे में दिनभर हर दो घंटे में यहां जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। चास धर्मशाला मोड़ के पास सड़क पर ऑटो व अन्य वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण वाहन रेंगकर आगे बढ़ते है। चास के धर्मशाला चौक पर हर दिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। इस इलाके में करीब 1 हजार से अधिक मकान और दुकान अवस्थित है। लेकिन यहां पानी की समस्या दशकों से कम नहीं हुई है।
पानी के लिए गर्मी शुरू होते है लोगों को अपनी प्यास खरीदकर बुझानी पड़ती है। चास में जल संरक्षण व जल की उपलब्धता का जो हाल है, वो दयनीय है। यहां के लोगों को जल के लिए दर-दर भटकना पड़ता है। कई स्थानों पर पानी पाइपलाईन अभी तक बिछी हीं नहीं है। तो कई जगह पर पानी नहीं पहुंचा। कहीं पानी पहुंच भी गया है, तो पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा है। चाह कर भी लोग इस समस्या से निजात पाने की स्थिति से बाहर नहीं निकल पा रहे है। नगर निगम भी इस पर उतना गंभीर नहीं है, जितना उसे होना चाहिए। यह कहना है, चास के निवासियों का। चास के धर्मशाला मोड़ पर हिन्दुस्तान अख्बार के बोले बोकारो पर लोगों ने अपनी पीड़ा को खुब परोसा। कहा कि जब तक यहां के तालाबों व नदी को संरक्षित नहीं किया जायेगा। गरगा नदी को अतिक्रमण मुक्त कराना होगा। पानी की किल्लत से छुटकारा नहीं मिलेगी। साथ हीं सारे अस्पताल, अपार्टमेंट व अन्य भवनों पर वाटर हार्वेंस्टिंग की व्यवस्था करानी होगी।
बिजली व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता : लोगों ने कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार की जरूरत है। खास कर गर्मी के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था पूरी तरह से बेपटरी हो जाती है। जिस कारण इलाके व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के साथ आवासीय परिसर में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। बिजली के अभाव में पानी की किल्लत और भी भयावह रूप धारण कर लेती है। स्ट्रीट लाईट रख-रखाव के अभाव में शोभा की वस्तु बन कर रह गई है। शाम ढ़लने के बाद सड़कों में अंधेरा छा जाता है। जिससे आम जनों को परेशानी होती है। इन सब सुविधाओं को संपूर्ण रूप से बहाल करने के बजाय निगम सिर्फ और सिर्फ होल्डिंग टैक्स वसूली करती है। लोग टैक्स देते है, तो लोगों को टैक्स के एवज में सुविधाएं भी मिलनी चाहिए।
चास में पार्किंग की सुविधा नहीं होने से हर दिन रहती है जाम की स्थिति
पार्किंग की सुविधा का चास में घोर अभाव है। इस वजह से जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर निगम व जिला प्रशासन को इस दिशा में संयुक्त रूप से प्रयास करने की आवश्यकता है। पार्किंग के अभाव में लोग जहां तहां वाहन खड़ी कर देते है। ट्रॉफिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पार्किंग का होना आवश्यक है। चास के लोग बार बार ट्रांसपोर्ट नगर की मांग करते है। लेकिन, अभी तक उनकी मांग पर कोई साकारात्मक पहल नहीं हुई। जबकि, यह अभी तक धरातल पर होना चाहिए था। लोगों ने कहा कि अभी तक ट्रांसपोर्ट नगर उपलब्ध नहीं होना सीधे-सीधे चास के जनता की अनदेखी है। इससे लोगों में रोष है। कहा कि चास थाना बीच बाजार में है। इस थाना को चास ब्लॉक रोड़ में शिफ्ट कर यहां बाजार के लिए पार्किंग की व्यवस्था की जा सकती है।
सुझाव
1. चास में ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए पार्किंग की समुचित व्यवस्था होनी चाहिए।
2. गर्मी आने से पूर्व बिजली व्यवस्था को दुदृढ़ करना चाहिए।
3. जलस्तर बरकरार रखने के लिए वाटर हार्वेंस्टिंग की समुचित व्यवस्था पर फोकस होना चाहिए।
4. कचरा रिसाईिकलिंग की व्यवस्था हो, ताकि लोगों के घरों से निकले कचरों का निष्पादन हो सके।
5. तालाब, नदी, सड़क किनारे पौधरोपण हो।
शिकायतें
1. चास के धर्मशाला मोड़ व आसपास के इलाके में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति रहती है।
2. लगातार बिजली कटौती के कारण व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ आवासीय परिसर में होती है दिक्कत।
3. इलाके में जलस्तर काफी नीचे है। इस कारण गर्मी शुरू होते ही पानी की दिक्कत होती है।
4. सफाई के अभाव में कचरे के ढेर बन जाते हैं। इससे दुर्गंध फैल जाती है।
5. पर्यावरण तालाब का संरक्षण नहीं होने से कई प्रकार की दिक्कत होती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।