Hindi Newsविदेश न्यूज़Consensus reached between Ukraine and America on mineral agreement may be signed this week

यूक्रेन और अमेरिका के बीच खनिज समझौते पर बनी सहमति, इस हफ्ते हो सकते हैं हस्ताक्षर

  • जेलेंस्की ने पहले ट्रंप की उस मांग को नकारा था जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन को अमेरिका को 500 अरब डॉलर मूल्य के खनिज देने होंगे। यह खनीज एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहन और अन्य प्रौद्योगिकियों में इस्तेमाल होते हैं।

Himanshu Jha लाइव हिन्दुस्तानWed, 26 Feb 2025 06:43 AM
share Share
Follow Us on
यूक्रेन और अमेरिका के बीच खनिज समझौते पर बनी सहमति, इस हफ्ते हो सकते हैं हस्ताक्षर

यूक्रेन और अमेरिका ने खनिज समझौते की शर्तों पर सहमति जताई है और इस पर इस हफ्ते हस्ताक्षर हो सकते हैं। दोनों देशों के अधिकारियों ने मंगलवार को इस बात की जानकारी दी। इस समझौते के तहत, अमेरिका यूक्रेन के खनिज संसाधनों को संयुक्त रूप से विकसित करेगा और उससे होने वाली आय एक नए संयुक्त कोष के लिए यूक्रेन और अमेरिका में जाएगी। यूक्रेनी अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएफपी को यह जानकारी दी है।

अधिकारी के अनुसार, समझौते के मसौदे में सुरक्षा का उल्लेख है, लेकिन इसमें अमेरिकी प्रतिबद्धताओं को स्पष्ट रूप से नहीं दर्शाया गया है। यूक्रेन लंबे समय से इसकी मांग करता आ रहा है।

अधिकारी ने कहा, “एक सामान्य धारा है जो कहती है कि अमेरिका एक स्थिर और समृद्ध संप्रभु यूक्रेन में निवेश करेगा। यह स्थायी शांति के लिए काम करेगा। अमेरिका सुरक्षा सुनिश्चित करने के प्रयासों का समर्थन करेगा। अब सरकार विवरण पर काम कर रही है।”

उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की इस समझौते पर वॉशिंगटन की अपनी यात्रा के दौरान शुक्रवार को हस्ताक्षर कर सकते हैं।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुष्टि की कि जेलेंस्की वॉशिंगटन आ रहे हैं और एक बहुत बड़ा समझौता हो सकता है। उन्होंने कहा, “मैं सुन रहा हूं। मैं सुन रहा हूं कि वह शुक्रवार को आ रहे हैं। वह इसे मेरे साथ हस्ताक्षर करना चाहते हैं। यह एक बड़ा सौदा है। बहुत बड़ा सौदा है।”

यूक्रेनी अधिकारी ने यह दावा किया कि अमेरिका ने उन सभी धाराओं को हटा दिया है जो यूक्रेन के लिए असुविधाजनक थीं। उनमें 500 अरब डॉलर का संदर्भ भी शामिल है।

आपको बता दें कि जेलेंस्की ने पहले ट्रंप की उस मांग को नकारा था जिसमें कहा गया था कि यूक्रेन को अमेरिका को 500 अरब डॉलर मूल्य के खनिज देने होंगे। यह खनीज एयरोस्पेस, इलेक्ट्रिक वाहन और अन्य प्रौद्योगिकियों में इस्तेमाल होते हैं। यह राशि यूक्रेन के लिए अमेरिका की सैन्य सहायता के आधिकारिक आंकड़े 60 अरब डॉलर से कहीं अधिक थी।

ट्रंप ने सीधे तौर पर यह सवाल का जवाब नहीं दिया कि यूक्रेन को इसके बदले क्या मिलेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें