स्पेस घूमने निकलीं 6 महिलाएं; आप भी कर सकते हैं अंतरिक्ष की सैर, जानिए कितना लगता है खर्चा
- स्पेस टूरिज्म की दुनिया धीरे-धीरे विस्तार लेती जा रही है। सोमवार को ब्लू ओरिजिन अंतरिक्ष में एक खास मिशन भेजने को पूरी तरह तैयार है जिसका उद्देश्य स्पेस टूरिज्म का सपना आम लोगों तक पहुंचाना है। आइए जानते हैं कि क्या आम लोग अंतरिक्ष की सैर कर सकते हैं?
दुनियाभर में अपने पॉप शोज के जरिए लोगों को दीवाना बनाने वाली केटी पेरी आज एक नई दुनिया में कदम रखने जा रही हैं। यह दुनिया है स्पेस टूरिज्म की। सोमवार को ब्लू ओरिजिन के न्यू शेफर्ड रॉकेट के जरिए 6 महिलाएं अंतरिक्ष की यात्रा पर जाएंगी। यह मिशन महज 11 मिनट का होगा। इस दौरान जीरो ग्रैविटी का अनुभव कर उनका यान पैराशूट की मदद से धरती पर लौट आएगा। इस क्रू में केटी पेरी के अलावा अमेजॉन फाउंडर जैफ बेजॉस की मंगेतर लॉरेंस सांचेज, नासा की वैज्ञानिक आमंडा न्यूगेन सहित कई दिग्गज महिलाएं भी शामिल हैं। मिशन के सुर्खियों में आती ही स्पेस टूरिज्म को लेकर चर्चाएं एक बार फिर शुरू हो गई हैं।
स्पेस टूरिज्म यानी अंतरिक्ष की सैर को लेकर बीते कुछ सालों में महत्वपूर्ण प्रगतियां हुई हैं। जहां टेक्नोलॉजी ने इसे आसान और सुलभ बनाया है वहीं कई प्राइवेट कंपनियां इस क्षेत्र से जुड़कर ऐसे लोगों को भी अंतरिक्ष की दुनिया को करीब से देखने का मौका दे रही हैं जो वैज्ञानिक या इंजीनियर नहीं हैं। इस सूची में ब्लू ओरिजिन, स्पेस एक्स और वर्जिन गैलेक्टिक जैसी कंपनियां अग्रणी हैं। हालांकि अब भी स्पेस टूरिज्म को लेकर लोगों के मन में कई तरह के सवाल उठते हैं? क्या यह सुरक्षित है? क्या कोई भी अंतरिक्ष की सैर पर जा सकता है? और सबसे जरूरी इसके लिए आखिर कितने रुपए खर्च करने पड़ेंगे? जानते हैं ऐसे ही कुछ सवालों के जवाब
स्पेस टूरिज्म है क्या?
स्पेस टूरिज्म का मतलब किसी भी इंसान को मनोरंजन, खेल या ऐसे ही किसी उद्देश्य के लिए अंतरिक्ष में भेजने की व्यावसायिक गतिविधि से है। इसकी मदद से कोई भी गैर-पेशेवर अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव कर सकता है। आमतौर पर यह सर्विस निजी कंपनी ही मुहैया कराती हैं।
क्या आम लोगों के लिए अंतरिक्ष यात्रा सुरक्षित है?
स्पेस टूरिज्म की सुविधा देने वाली कंपनियों को FAA द्वारा निर्धारित कड़े सुरक्षा मानकों को पूरा करना होता है। वहीं यात्रियों को इसमें शामिल जोखिमों को स्वीकार करते हुए कई समझौतों पर हस्ताक्षर करने की जरूरत होती है। कुल मिलाकर इसमें खतरा तो है, पर यह कुछ कुछ एडवेंचर खेलों जैसा ही है।
इसके लिए किस तरह की ट्रेनिंग की जरूरत होती है?
अंतरिक्ष की सैर पर जाने के लिए कई तरह की ट्रेनिंग की जरूरत होती है। यह अलग-अलग कंपनी पर भी निर्भर करती है। उदाहरण के लिए, वर्जिन गैलेक्टिक के साथ ट्रिप पर जाने के लिए तीन-दिवसीय ट्रेनिंग दी जाती है। वहीं वर्ल्ड व्यू एंटरप्राइजेज की बैलून ट्रिप के लिए एंटी-ग्रेविटी प्रशिक्षण की कोई जरूरत नहीं होती है। मार्स वन के साथ रजिस्टर कराने वालों को को आठ सालों तक ट्रेनिंग की जरूरत होती है।
स्पेस टूरिज्म के लिए कितने रुपए करने पड़ते हैं खर्च?
अंतरिक्ष की यात्रा पर जाना फिलहाल एक बेहद ही महंगा अनुभव है। यह कंपनी और आपके अनुभव को बेहतर बनाने के लिए दीं जाने वाली सुविधाओं पर निर्भर करता है कि एक बार अंतरिक्ष की उड़ान भरने के लिए आपको अपनी जेब कितनी ढीली करनी पड़ेगी। उदाहरण के लिए, जीरो-जी वेटलेस एक्सपीरियंस के लिए लगभग 4,950 डॉलर खर्च करने पड़ते हैं वहीं वर्जिन गैलेक्टिक के साथ एक यात्रा की लागत 250,000 डॉलर तक भी हो सकती है। वहीं स्पेसएक्स की ड्रैगन स्पेस ट्रिप की लागत लगभग 20 मिलियन डॉलर प्रति व्यक्ति है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।