Notification Icon
Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़sunshine in shimla weather remain bad in himachal pradesh till 7 september heavy rain alert

शिमला में खिली तेज धूप, लेकिन हिमाचल में अभी इस दिन तक खराब रहेगा मौसम; भारी बारिश का अलर्ट भी

  • मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घण्टों के दौरान मॉनसून की सक्रियता बढ़ेगी और कई स्थानों पर तेज वर्षा होगी। तीन सितंबर को मैदानी और मध्यपर्वतीय इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है।

Devesh Mishra लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाSun, 1 Sep 2024 07:00 AM
share Share

Himachal Pradesh weather: हिमाचल प्रदेश में मॉनसून कमजोर पड़ने से भारी बारिश से राहत मिली है। कुछ स्थानों पर ही हल्की वर्षा हो रही है। पिछले एक हफ्ते के दौरान कहीं भी मूसलाधार वर्षा नहीं हुई। इस वजह से कहीं भी भूस्खलन की बड़ी घटना नहीं हुई। मॉनसून सीजन में अब तक सामान्य से 23 फीसदी कम बरसात हुई है।

सात सितंबर तक मौसम रहेगा खराब

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घण्टों के दौरान मॉनसून की सक्रियता बढ़ेगी और कई स्थानों पर तेज वर्षा होगी। तीन सितंबर को मैदानी और मध्यपर्वतीय इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। इस दिन 12 में से 10 जिलों के लिए गरज के साथ भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों के कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की आशंका है। सात सितंबर तक समूचे प्रदेश में मौसम के खराब रहने के आसार हैं।

शिमला में खिली तेज धूप

इस बीच राजधानी शिमला सहित राज्य के ज्यादातर हिस्सों में रविवार सुबह से धूप खिली हुई है। कल भी अधिकांश हिस्सों में मौसम साफ बना रहा। मैदानी इलाकों ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर में धूप खिलने से गर्मी तेज होने लगी है। ऊना का अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घण्टों के दौरान जनजातीय क्षेत्रों सियोबाग व ताबो में 35-35 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड हुई है।

भूस्खलन से 51 सड़कें बंद

राज्य में अगस्त महीने के शुरुआती दिनों में हुई व्यापक वर्षा ने तबाही मचाई थी। जगह-जगह भूस्खलन होने से सैंकड़ों सड़कें बंद हो गईं थीं। इन्हें बहाल करने का कार्य अभी तक चल रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के मुताबिक रविवार सुबह तक 51 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। शिमला जिला में 18, मंडी में 11, कांगड़ा में 10, कुल्लू में नौ और ऊना, सिरमौर और लाहौल-स्पीति में एक-एक सड़क अवरुद्ध है। इसके अलावा किन्नौर में सात, कुल्लू में छह और चंबा जिला में तीन ट्रांसफार्मर खराब रहने से बिजली आपूर्ति प्रभावित है। शिमला जिला में आठ पानी की परियोजनाएं भी ठप पड़ी हैं।

दो माह में 88 जगह बादल फटने, बाढ़ व भूस्खलन की घटनाएं

राज्य में मानसून ने 27 जून को दस्तक दी थी। मानसून सीजन के दो माह में 88 जगह बादल फटने, बाढ़ व भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। 31 जुलाई की मध्यरात्रि शिमला, कुल्लू और मंडी जिलों में बादल फटने से भारी तबाही हुई थी। बाढ़ ने शिमला जिला के समेज गांव का नामोनिशान मिटा दिया था। गांव के 36 लोग लापता हो गए थे। इनमें 21 के शव बरामद कर लिए गए हैं और 15 अभी भी लापता हैं।

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मानसून में वर्षा जनित हादसों में 270 लोग मारे गए और 30 लापता हैं। मानसून से चल व अचल संपति को 1265 करोड़ का नुकसान पहुंचा है। इस दौरान 175 घर पूरी तरह धराशायी हुए, जबकि 475 घरों को आंशिक नुकसान हुआ। 58 दुकानें और 462 पशुशालाएँ भी पूर्ण रूप से ध्वस्त हुईं।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें