Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़himachal pradesh assembly byelection result live kamlesh thakur dehra hamirpur nalagarh assembly seats

HP Assembly By-Election Result : हिमाचल उपचुनाव: 2 सीटों पर कांग्रेस की जीत, BJP को मिली एक सीट; CM की पत्नी कमलेश ठाकुर की राजनीति में एंट्री

HP Assembly By-Election Result : हिमाचल की देहरा व नालागढ़  सीट पर जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वहीं हमीरपुर में भाजपा का कमल खिल गया है। देहरा सीट से सीएम की पत्नी कमलेश ठाकुर चुनाव जीती हैं।

Praveen Sharma शिमला। लाइव हिन्दुस्तान, Sat, 13 July 2024 09:02 AM
share Share

Himachal Pradesh Assembly By-Election Result : हिमाचल प्रदेश की तीन विधानसभा क्षेत्रों देहरा, हमीरपुर और नालागढ़ में हुए उपचुनाव के नतीजे आ गए हैं। देहरा और नालागढ़  सीट पर जहां कांग्रेस ने जीत दर्ज की है। वहीं हमीरपुर में भाजपा का कमल खिल गया है। देहरा सीट पर मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर की जीत दर्ज की है। इन तीनों सीटों पर बुधवार 10 जुलाई को वोट डाले गए थे।   

LIVE UPDATES :-

हिमाचल के देहरा और नालागढ़ सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवारों की जीत पर कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि यह लोगों का जनादेश है कि भाजपा ने 2022 के चुनावों में दिए गए वोटों का सम्मान नहीं किया। जिस तरह से वे अन्य राज्यों में चुनी हुई सरकारों को गिरा रहे थे, उन्होंने हिमाचल में भी ऐसा ही करने की कोशिश की, लेकिन हिमाचल प्रदेश की जनता शिक्षित है... इस बार उन्होंने कांग्रेस को स्पष्ट जनादेश दिया है और राज्य में हमारी सरकार को मजबूत किया है... कांग्रेस पार्टी अगले चुनावों में भी राज्य में अच्छा प्रदर्शन करेगी।"

- नालागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप बाबा भाजपा उम्मीदवार को हराकर विजयी हुए। 

- हमीरपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा 1571 वोटों से चुनाव जीत गए हैं।

 - देहरा विधानसभा सीट पर अब सभी 10 राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवार और मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर ने अब भाजपा उम्मीदवार के मुकाबले में 9399 वोटों से चुनाव जीत गई हैं। कमलेश ठाकुर को 32737 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह 23338 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर रहे। 

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा हमने तीनों सीटों पर अच्छा प्रदर्शन किया है और हमें इन पर जीत का भरोसा है। लोगों ने इंडिया गठबंधन के पक्ष में वोट किया है। दो सीटों पर भी कांग्रेस आगे चल रही है। भाजपा लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। नोटबंदी ने लोगों पर गहरा असर डाला। कांग्रेस जो वादे करती है उसे पूरा करती है।

- हमीरपुर विधानसभा सीट पर आठवें राउंड की मतगणना के बाद भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा अब 1165 वोट से पिछड़ गए हैं। कांग्रेस उम्मीदवार डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा 24810 सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि आशीष शर्मा अब 23645 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं।

- नालागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में सातवें राउंड की मतगणना में कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप बाबा 4578 वोटों से आगे चल रहे हैं। 

- हिमाचल विधानसभा उपचुनाव: देहरा विधानसभा सीट पर हिमाचल प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुखू की पत्नी कमलेश ठाकुर के आगे चलने पर कांगड़ा के ढलियारा में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक नाच-गाकर जश्न मना रहे हैं।

- हमीरपुर विधानसभा सीट पर छठे राउंड की मतगणना के बाद बड़ा उलटफेर देखने को मिल रहा है। भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा 743 वोट से आगे निकल गए हैं। उन्होंने अपने निकट प्रतिद्वंद्वी और कांग्रेस उम्मीदवार डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा पीछे छोड़ दिया है। आशीष शर्मा अब तक कुल 18319 वोट के साथ सबसे आगे चल रहे हैं, जबकि डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा अब 17576 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं।

- देहरा विधानसभा सीट पर अब तक आठ राउंड की मतगणना पूरी हो चुकी है। कांग्रेस उम्मीदवार और मुख्यमंत्री की पत्नी कमलेश ठाकुर ने अब भाजपा उम्मीदवार के मुकाबले में भारी बढ़त बना ली है। कमलेश ठाकुर 6115 वोटों से आगे चल रही हैं। कमलेश ठाकुर को अब तक 24957 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह 18842 वोटों के साथ पीछे हो गए हैं।

- देहरा विधानसभा सीट पर सातवें राउंड की मतगणना के बाद मुख्यमंत्री की पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर अब 5029 वोट से आगे चल रही हैं। कमलेश ठाकुर को अब तक 21723 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह 16694 वोटों के साथ पीछे हो गए हैं।

- नालागढ़ विधानसभा सीट पर उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार हरदीप बाबा तीन राउंड की मतगणना के बाद 2194 वोटों से आगे चल रहे हैं। हरदीप बाबा को अब तक कुल 10767 वोट मिले हैं, जबकि भाजपा उम्मीदवार केएल ठाकुर 8573 वोटों के साथ दूसरे नंबर पर चल रहे। निर्दलीय उम्मीदवार हरप्रीत सैनी 3536 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर हैं। 

- हिमाचल की देहरा सीट पर पांचवें राउंड की मतगणना के बाद अब बाजी पलट गई है। शुरुआत में पीछे चल रहीं मुख्यमंत्री की पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर अब 636 वोट से आगे निकल गई हैं। कमलेश ठाकुर को अब तक 13300 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह 12664 वोटों के साथ पीछे हो गए हैं। दोनों के बीच बढ़त का अंतर घटकर अब महज 636 वोट हो गया है।

- देहरा सीट पर चौथे राउंड की मतगणना के बाद अब स्थिति पूरी तरह बदली नजर आ रही है। कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर अब 37 महज मतों से पीछे चल रही हैं। अब तक की मतगणना के अनुसार, कमलेश ठाकुर को अब तक जहां 9942 वोट मिले हैं, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह 9979 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। दोनों के बीच बढ़त का अंतर घटकर अब महज 37 वोट रह गया है।

- चुनाव आयोग के शुरुआती रुझानों के अनुसार हिमाचल प्रदेश के देहरा विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह फिलहाल आगे चल रहे हैं।

- हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार डॉक्टर पुष्पेंद्र वर्मा फिलहाल 1709 वोट से आगे चल रहे हैं। पुष्पेंद्र वर्मा को जहां अब तक 6750 वोट मिले हैं, वहीं भाजपा के आशीष शर्मा 5046 वोट के साथ दूसरे नंबर हैं। 

- देहरा सीट पर अब तक मतगणना के तीन राउंड पूरे हो गए हैं। सीएम की पत्नी और कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर अब 557 मतों से पीछे चल रही हैं। कमलेश ठाकुर को अब तक जहां 7287 वोट मिले हैं, वहीं उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार होशियार सिंह 7844 वोटों के साथ सबसे आगे चल रहे हैं। 

- देहरा सीट पर मतगगणना के दो राउंड पूरे हो चुके हैं। अब सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी कमलेश ठाकुर 360 मतों से पीछे चल रही हैं।

- चुनाव आयोग के मुताबिक, देहरा में मतगणना के कुल 10 राउंड होंगे। पहले राउंड की 4397 मतों में भाजपा के होशियार सिंह को 2313 मत पड़े, जबकि कांग्रेस की कमलेश ठाकुर को 2052 मत मिले। इस सीट पर पांच प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं।

- मतगणना के शुरुआती रुझानों में हॉट सीट देहरा में पहले राउंड की गिनती में भाजपा प्रत्याशी होशियार सिंह ने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर पर 261 मतों की बढ़त बना ली है। देहरा सीट पर कांग्रेस ने मुख्यमंत्री सुक्खू की पत्नी को प्रत्याशी बनाया है, ऐसे में इस सीट पर सबकी नजरें लगी हैं।

- देहरा विधानसभा क्षेत्र के लिए राजकीय महाविद्यालय ढलियारा, हमीरपुर के लिए वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर और नालागढ विधानसभा हल्के के लिए मतगणना राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नालागढ़ में मतगणना हो रही है। दोपहर तक चुनाव नतीजे घोषित होंगे।

- निर्वाचन आयोग के मुताबिक, तीनों विधानसभा क्षेत्रों में बीते 10 जुलाई को करीब 71 फीसदी मतदान हुआ था। नालागढ़ में सबसे ज्यादा और देहरा में कम मतदान दर्ज किया गया था।

आज 13 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा

तीन सीटों पर उपचुनाव में कुल 13 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। देहरा और नालागढ़ में पांच-पांच जबकि हमीरपुर में तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। देहरा में मुख्य मुकाबला मुख्यमंत्री की पत्नी और कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश ठाकुर और भाजपा के होशियार सिंह के बीच है। हमीरपुर में कांग्रेस के पुष्पेंद्र वर्मा और भाजपा के आशीष शर्मा के बीच टक्कर है। उधर नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के के.एल.ठाकुर और कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा मैदान में हैं।  

वर्ष 2022 में हुए विधानसभा चुनाव में इन तीनों सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की थी, जबकि कांग्रेस दूसरे और भाजपा तीसरे स्थान पर रही थी। इसी साल मार्च महीने में निर्दलीय विधायकों द्वारा इस्तीफे देने के कारण इस सीटों पर उपचुनाव करवाया गया है। खास बात यह है कि इस्तीफा देने वाले तीनों निर्दलीय विधायकों ने इस बार भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा है। इन सीटों पर हार व जीत से सतारूढ़ कांग्रेस सरकार पर कोई असर नहीं पड़ेगा लेकिन ये उपचुनाव भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के लिये प्रतिष्ठा का सवाल बन गया है।

बता दें कि, देहरा से कांग्रेस प्रत्याशी सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर अपने मत का प्रयोग नहीं कर पाईं, क्योंकि उनका विधानसभा क्षेत्र नादौन है।

ये सीटें तीन निर्दलीय विधायकों होशियार सिंह (देहरा), आशीष शर्मा (हमीरपुर) और केएल ठाकुर (नालागढ़) के 22 मार्च को सदन से इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थीं। तीनों ने 27 फरवरी को हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान किया था।

कहां कितने लोगों ने किया मतदान

देहरा विधानसभा में 84,694 मतदाताओं में से 55,408 ने वोट डाला। 29,152 महिला और 26,256 पुरुषों ने मतदान किया। नालागढ़ विधानसभा में 93,831 मतदाताओं में से 74,166 ने वोट डाला। 36,310 महिला, 37854 पुरुष और दो थर्ड जेंडर ने मतदान किया। हमीरपुर विधानसभा में 76,892 मतदाताओं में से 52,073 ने वोट डाला। 27,145 महिला, 24,927 पुरुष और एक थर्ड जेंडर ने मतदान किया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें