Notification Icon
Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़Congress preparing for reshuffle Himachal Pradesh chief Pratibha Singh send report to Mallikarjun Kharge

काम ना करने वाले नेताओं की अब होगी छुट्टी, कांग्रेस में जल्द बड़ा फेरबदल; खड़गे तक पहुंची रिपोर्ट

प्रतिभा सिंह ने बताया कि हाईकमान को प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों से अवगत करा दिया है। संगठन की मजबूती के लिए क्या-क्या फैसले लेना आवश्यक है। इसकी जानकारी भी दी गई है। कांग्रेस में फेरबदल हो सकता है।

वार्ता शिमलाWed, 31 July 2024 11:35 AM
share Share

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में जल्द बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। कई निष्क्रिय पदाधिकारियों की छुट्टी करने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की रिपोर्ट के बाद संगठन की मजबूती को कड़े फैसले लेने की हाईकमान ने तैयारी शुरू कर दी है। ब्लॉक, जिला और राज्य कार्यकारिणी का नए सिरे से गठन होगा। सक्रिय कार्यकर्ताओं की संगठन में ताजपोशी होगी। नई दिल्ली के दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल से मुलाकात कर उन्हें लोकसभा चुनाव तथा विधानसभा उपचुनाव को लेकर विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है। रिपोर्ट में रखी गई बातों का असर आने वाले दिनों में देखने को मिलेगा। बुधवार को प्रतिभा सिंह का पार्टी की नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात करना प्रस्तावित है।

प्रदेश में संगठन की मजबूती के लिए कड़े फैसले लेने के संकेत बीते दिनों शिमला आए प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ल ने भी दिए थे। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जो पदाधिकारी पूरी निष्ठा से काम नहीं करेगा, उन्हें हटाया जाएगा। अब लोकसभा चुनाव में चारों सीटों पर हार के बाद निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर करने की तैयारी है। ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर तक के पदाधिकारियों के कामकाज की प्रदेश अध्यक्ष ने समीक्षा करवाई है। कई ऐसे पदाधिकारी चिन्हित किए गए हैं जिन्होंने चुनाव के दौरान संगठन की गतिविधियों में भाग नहीं लिया। चुनाव प्रचार भी पूरी ताकत के साथ नहीं किया। ऐसे पदाधिकारियों की जगह अब नये कार्यकर्ताओं को संगठन में तवज्जो दी जाएगी। अगले वर्ष प्रदेश में पंचायत चुनाव होने हैं। ऐसे में संगठन को मजबूत करने के लिए अभी से पहल शुरू होने जा रही है।

प्रतिभा सिंह ने बताया कि हाईकमान को प्रदेश की राजनीतिक गतिविधियों से अवगत करा दिया है। संगठन की मजबूती के लिए क्या-क्या फैसले लेना आवश्यक है। इसकी जानकारी भी दी गई है। सरकार और संगठन की मजबूती को लेकर भी हाईकमान से चर्चा हुई है। इन सब मामलों में जल्द ही बड़े निर्णय देखने को मिलेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें