Notification Icon
Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़शिमलाhimachal pradesh weather forecast shimla mausam 10 districts heavy rain alert

हिमाचल जाने से बचें, 2 सितंबर को 10 जिलों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

  • हिमाचल प्रदेश के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 10 जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। आइए जानते हैं पूरे प्रदेश के मौसम का हाल।

Mohammad Azam लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाSat, 31 Aug 2024 10:49 AM
share Share

 हिमाचल प्रदेश के मौसम को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रदेश में भारी बारिश के कारण 72 सड़कें बंद है। मौसम विभाग ने आगामी 2 सितंबर को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में भारी बारिश और बादल फटने की घटनाएं न होने से लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन सितंबर के पहले हफ्ते में भी जमकर बारिश होने की संभावना है। आइए जानते हैं पूरे प्रदेश के मौसम का हाल।

10 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, दो सितंबर को मैदानी और मध्यपर्वतीय इलाकों में भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है। मौसम विभाग ने इन्हीं हिस्सों में तीन सितंबर को मेघ गर्जन और आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर शेष 10 जिलों में येलो अलर्ट जारी करते हुए लोगों को घरों से बाहर निकलते समय एहतियात बरतने के साथ सतर्क रहने की सलाह दी है। यह भी अपील की गई है कि लोग नदी-नालों से दूर रहें और भूस्खलन संभावित इलाकों की यात्रा न करें।

कब तक खराब रहेगा मौसम

छह सितंबर तक राज्य भर में मौसम के खराब रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में पहली जून से 30 अगस्त तक सामान्य से 23 फीसदी कम वर्षा हुई है। अगस्त महीने में शिमला, सिरमौर, कांगड़ा, मंडी और बिलासपुर जिलों में ही सामान्य से ज्यादा वर्षा हुई जबकि शेष सात जिलों में बादल कम बरसे हैं। राज्य में मानसून ने 27 जून को दस्तक दी थी। अक्टूबर के पहले हफ्ते मानसून प्रदेश से रुखसत होता है।

इन स्थानों पर हुई बारिश

पिछले 24 घण्टों के दौरान सुंदरनगर में सर्वाधिक 44, शिलारू में 43, जुब्बड़हट्टी में 20, मनाली में 17, शिमला में 15, स्लापड व डल्हौजी में 11-11 और घुमरूर में आठ मिमी बारिश रिकार्ड हुई है।

72 सड़कों पर आवागमन ठप

इस बीच पिछले दिनों हुई व्यापक वर्षा से अभी भी कई सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थमने से लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार की सुबह तक प्रदेश की 72 सड़कें भूस्खलन से अवरुद्ध रहीं। शिमला जिला में सबसे ज्यादा 34 सड़कें बंद हैं। मंडी में 15, कांगड़ा में 10, कुल्लू में नौ और लाहौल स्पीति, सिरमौर व ऊना में एक-एक सड़क बाधित है। कांगड़ा जिला के इंदौरा में एक पुल भी क्षतिग्रस्त हुआ है। इसके अलावा कुल्लू में छह, चम्बा में तीन और मंडी जिला में एक बिजली ट्रांसफार्मर भी ठप है। बिलासपुर में 19 और चम्बा में 13 पेयजल स्कीमें भी बाधित हैं।

मानसून से 1265 करोड़ का नुकसान 175 घर गिरे

मानसून से पिछले दो माह में जान-माल का भारी नुकसान हुआ है। आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार मानसून से चल व अचल संपति को 1265 करोड़ का नुकसान पहुंचा है। इस दौरान 175 घर पूरी तरह धराशायी हुए, जबकि 475 घरों को आंशिक नुकसान हुआ। 58 दुकानें और 462 पशुशालाएँ भी पूर्ण रूप से ध्वस्त हुईं। इस अवधि में वर्षा जनित हादसों में 270 लोग मारे गए और 30 लापता हैं। दो माह में बादल फटने, बाढ़ व भूस्खलन की 88 घटनाएँ हुईं।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें