हिमाचल झुलसा, सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज; अगले 4 दिन तूफान और बारिश-बर्फबारी का अलर्ट
- खासतौर पर ऊना जिले को राज्य का सबसे गर्म स्थान बताया गया, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जानिए कब और कहां बारिश के आसार बन रहे हैं।

हिमाचल प्रदेश में इस समय गर्मी का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और सोमवार को राज्य में सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तापमान 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि पहाड़ी इलाकों में भी गर्मी में वृद्धि देखी गई है। हिल स्टेशन जैसे कल्पा, शिमला और मनाली में भी तापमान सामान्य से ज्यादा रहा। खासतौर पर ऊना जिले को राज्य का सबसे गर्म स्थान बताया गया, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4 डिग्री ज्यादा था।
8 अप्रैल से बारिश के आसार
इस गर्मी के मौसम के बीच राहत की खबर यह है कि मौसम में जल्द बदलाव होने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार आठ अप्रैल से मौसम में बदलाव आएगा और तापमान में गिरावट आएगी। इस दौरान बारिश, अंधड़ और उच्च पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने आगामी 12 अप्रैल तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
8 से 12 अप्रैल तक के मौसम का हाल
आने वाले दिनों में आठ और नौ अप्रैल को मैदानी इलाकों में मौसम साफ रहने की संभावना है लेकिन उच्च पर्वतीय इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। 10 अप्रैल से लेकर 12 अप्रैल तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है। 10 अप्रैल को मैदानी इलाकों को छोड़कर बाकी सभी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं 11 और 12 अप्रैल को पूरे प्रदेश में मौसम खराब रह सकता है।
8 अप्रैल के लिए हीट वेव की चेतावनी
इस बीच मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में यानी 8 अप्रैल को हीटवेव (गर्मी की लहर) की चेतावनी भी दी है। इसके चलते कुछ स्थानों पर तापमान और भी बढ़ सकता है। विभाग ने इस संदर्भ में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले कुछ दिनों में गर्जना के साथ बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चलने की संभावना है।
कब और कहां हो सकती बारिश
विभाग ने इस दौरान चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जैसे क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। विशेष रूप से आठ, नौ और 12 अप्रैल को इन क्षेत्रों में मौसम और भी खराब हो सकता है। 10 और 11 अप्रैल को चंबा, कुल्लू, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
सीजन का सबसे गर्म दिन यहां दर्ज हुआ
इसके अलावा शिमला, मनाली और अन्य पहाड़ी इलाकों में भी तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। शिमला और मनाली में सोमवार को सीजन का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान क्रमशः 26 और 26.7 डिग्री सेल्सियस रहा। ये आंकड़े सामान्य से कुछ ज्यादा थे। वहीं कल्पा जैसे उच्च पर्वतीय इलाकों में भी रात का तापमान बढ़कर 22.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।