Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़himachal pradesh mausam snowfall in high altitude areas know about imd weather forecast

हिमाचल में हिमपात; शिमला में गिरे फाहे, किन जिलों में गिरेगी बर्फ और कहां शीतलहर का अलर्ट?

Himachal Pradesh Weather Forecast: हिमाचल प्रदेश में एकबार फिर पश्चिमी विक्षोभ ने मौसम को बदल दिया है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी शुरू हो गई है।

Krishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाTue, 11 Feb 2025 04:30 PM
share Share
Follow Us on
हिमाचल में हिमपात; शिमला में गिरे फाहे, किन जिलों में गिरेगी बर्फ और कहां शीतलहर का अलर्ट?

Himachal Pradesh Weather Update: हिमाचल प्रदेश में मौसम बदल गया है। हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों खासतौर पर जनजातीय जिलों चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर की पर्वत श्रृंखलाओं पर हल्का हिमपात हो रहा है। शिमला में भी मंगलवार को दोपहर से मौसम बदल गया है। आसमान में घने बादल छाए और अचानक कुछ समय तक बर्फ के फाहे गिरे। इससे ठंड का असर और बढ़ गया है।

जनजातीय क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी

मौसम विभाग के मुताबिक, बीते 24 घंटों के दौरान किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कई इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई। किन्नौर के कल्पा और लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में बर्फबारी दर्ज की गई। इससे तापमान में गिरावट आई है। ऊंचाई वाले इलाकों में पारा लगातार गिर रहा है। कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के मुताबिक, हिमाचल प्रदेश के चार स्थानों पर तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है।

कहां सबसे कम तापमान?

लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान -7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम है। इसके अलावा कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -6.6 डिग्री और केलंग में -6.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं किन्नौर जिले के कल्पा में पारा -2.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। पर्यटक नगरी मनाली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि राजधानी शिमला में यह 7 डिग्री सेल्सियस रहा।

शिमला में फाहे गिरे

शिमला में इस साल अब तक अपेक्षित बर्फबारी नहीं हुई थी। स्थानीय लोग और पर्यटक लंबे समय से बर्फबारी का इंतजार कर रहे थे। मंगलवार सुबह शिमला में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम अचानक बदला और घने बादल छा गए। इसके बाद कुछ समय के लिए फाहे गिरे। शिमला से सटे पर्यटन स्थलों कुफरी और नारकंडा में भी मौसम बर्फबारी के लिए अनुकूल बना हुआ है।

इन जिलों में बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को देर रात तक प्रदेश के पांच जिलों चंबा, कांगड़ा, किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हल्की बर्फबारी और बारिश की संभावना है। इसके बाद हिमाचल प्रदेश में मौसम शुष्क हो जाएगा।

इन जिलों में शीतलहर का यलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार 12 से 15 फरवरी तक और फिर 17 फरवरी को प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। हालांकि 16 फरवरी को मध्य और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान यानी 12 फरवरी को मैदानी इलाकों खासतौर पर बिलासपुर और ऊना में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है।

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें