Hindi Newsहिमाचल प्रदेश न्यूज़Himachal Pradesh IMD issues orange alert for heavy rain and snowfall on february 20 weather will remain bad for 6 days

हिमाचल में 6 दिन खराब रहेगा मौसम, 20 को आंधी, भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। अगले छह दिनों तक राज्य में खराब मौसम रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 फरवरी के लिए भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, शिमलाWed, 19 Feb 2025 02:18 PM
share Share
Follow Us on
हिमाचल में 6 दिन खराब रहेगा मौसम, 20 को आंधी, भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। अगले छह दिनों तक राज्य में खराब मौसम रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 फरवरी के लिए भारी बारिश और बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही आंधी और बिजली चमकने की चेतावनी भी दी गई है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण राज्य में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शिमला, चंबा, कुल्लू, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में बर्फबारी होने की आशंका है। इसके अलावा अन्य ऊंचाई वाले इलाकों में भी बर्फबारी देखने को मिल सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बर्फबारी से जनजीवन प्रभावित हो सकता है और कुछ स्थानों पर सड़कें भी अवरुद्ध हो सकती हैं।

21 से 25 फरवरी तक भी खराब रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 21 से 25 फरवरी के बीच भी प्रदेश में मौसम खराब रहेगा। इस दौरान पर्वतीय इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, इन दिनों के लिए किसी तरह का विशेष अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन बारिश और हिमपात से तापमान में गिरावट होगी और सर्दी का असर और बढ़ सकता है।

लाहौल-स्पीति और किन्नौर में जमाने वाली ठंड, तापमान शून्य से नीचे

पहाड़ी इलाकों में पहले से ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। खासकर लाहौल-स्पीति और किन्नौर में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। लाहौल-स्पीति जिले के कूकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि ताबो में -7.3 और केलंग में -6.3 डिग्री सेल्सियस रहा। मनाली में न्यूनतम तापमान 2.9 डिग्री, जबकि शिमला में 7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटों में पूरे प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान में 0.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। इस गिरावट से साफ है कि आने वाले दिनों में ठंड और अधिक बढ़ सकती है।

इस बीच बुधवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए हैं। मौसम विभाग के मुताबिक आज शाम से मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

मौसम विभाग ने स्थानीय प्रशासन और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। बर्फबारी और बारिश से कई सड़कों पर फिसलन बढ़ सकती है और यातायात प्रभावित हो सकता है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में ठंड बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को भारी वर्षा और हिमपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

रिपोर्ट : यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें