Notification Icon
Hindi Newsगुजरात न्यूज़crocodile seen carrying body of young man in water video viral vadodara dhadhar river gujrat

वडोदरा में युवक की लाश घसीट कर ले जाता नजर आया मगरमच्छ, वीडियो वायरल; फैली दहशत

ऐसी जानकारी है कि मगरमच्छ ने युवक को नदी में खींच लिया था और बाद में उसका शव पानी में तैरता दिखा था। इस दिल दहला देने वाली घटना के वक्त स्थानीय लोग अपने मोबाइल फोन पर इसका वीडियो बना रहे थे।

Nishant Nandan लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीMon, 8 Aug 2022 11:34 AM
share Share

गुजरात में वडोदरा जिले की एक नदी में एक मगरमच्छ ने 30 वर्षीय व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। जिसे लेकर कहा जा रहा है कि यह वीडियो इसी घटना का है। इस वीडियो में एक मगरमच्छ इंसान की लाश को घसीट कर पानी में ले जाता दिख रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोग दहशत में आ गए हैं।

उप वन्य संरक्षक (डीसीएफ) रविराजसिंह राठौड़ ने कहा कि यह घटना रविवार की दोपहर को पदरा तालुक के सोखदारघु गांव के समीप धाधार नदी में हुई थी। ऐसी जानकारी है कि मगरमच्छ ने युवक को नदी में खींच लिया था और बाद में उसका शव पानी में तैरता दिखा था। इस दिल दहला देने वाली घटना के वक्त स्थानीय लोग अपने मोबाइल फोन पर इसका वीडियो बना रहे थे।

राठौड़ ने कहा, 'वन अधिकारियों को सूचना दी गयी, जिसके बाद स्थानीय प्रशासन की मदद से तलाश अभियान शुरू किया गया। व्यक्ति का शव रात करीब 10 बजे बरामद किया गया।' घंटों तक चले तलाश अभियान के बाद उसका शव बरामद किया गया। 

उन्होंने बताया कि मृतक की पहचान सोखदारघु गांव निवासी इमरान दीवान के रूप में की गयी है। उन्होंने कहा, 'व्यक्ति के कंधों पर मगरमच्छ के काटने के निशान थे। हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि वह नदी में कैसे गिरा क्योंकि स्थानीय लोगों ने मगरमच्छ द्वारा हमला करते वक्त तभी देखा जब वह नदी में था।'
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें