9 साल पत्नी को किया डेट, शादी के खिलाफ थीं मां, सुनील शेट्टी ने बताया कैसे हुई माना शेट्टी से लव मैरिज
Suniel Shetty Marriage: सुनील शेट्टी ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी शादी का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि उनकी मां शुरुआत में माना से शादी के खिलाफ थीं। उन्होंने किस तरह अपनी मां को मनाया।

सुनील शेट्टी बॉलीवुड के सबसे पसंदीदा एक्टर्स में से एक हैं। उन्होंने 90 के दशक में अपने करियर की शुरुआत की। आज भी सुनील शेट्टी बॉलीवुड का एक जानामाना नाम हैं। हाल ही में एक इंटरव्यू में सुनील शेट्टी ने अपनी पर्सनल लाइफ से जुड़े कई किस्से साझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे उनकी मां माना शेट्टी के साथ उनकी शादी के खिलाफ थीं और फिर किस तरह एक्टर ने अपनी मां को मनाया।
शादी के लिए राजी नहीं थीं मां
सुनील शेट्टी ने हाल ही में कॉमेडियन भारती सिंह और हर्ष लिम्बाचिया के पॉडकास्ट में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि माना शेट्टी से शादी करने से पहले सुनील शेट्टी ने उन्हें 9 साल तक डेट किया था। इतना ही नहीं, सुनील शेट्टी ने यह भी बताया कि उनकी मां शुरू में माना शेट्टी के साथ उनकी शादी को लेकर राजी नहीं थीं।
मां को कैसे मनाया?
सुनील शेट्टी ने कहा, "माना और मैनें एक दूसरे को शादी से पहले नौ साल तक डेट किया था, और जब भी मेरी मां शादी का टॉपिक लेकर आती थीं, मैं उन्हें बोलता था, मैं किसी को डेट कर रहा हूं। अगर मैं किसी और से शादी करूंगा, मैं दो लड़कियों की जिंदगी तबाह कर दूंगा। इसलिए बेहतर होगा कि मैं शादी ना करूं। मैं आपके खिलाफ नहीं जाउंगा, लेकिन मैं शादी भी नहीं करूंगा।"
सुनील शेट्टी ने की पत्नी की तारीफ
इसके बाद, सुनील शेट्टी ने पत्नी की तारीफ करते हुए कहा कि वो मेरे साथ बहुत धैर्य रखती हैं और दोनों बच्चे अपनी मां का ख्याल रखते हैं। अपनी डेटिंग लाइफ को याद करते हुए सुनील शेट्टी ने कहा कि उनमें तब भी बहुत धैर्य था। इसके बाद भारती ने सुनील शेट्टी से पूछा कि कैसे मृदुभाषी और भोली माना फाइटर जैसे दिखने वाले सुनील शेट्टी के प्यार में पड़ गईं। इसपर सुनील ने कहा, "मैं एक गुंडा हुआ करता था। लंबे बालों के साथ मैं बिना बटन लगाए शर्ट पहनता था। मेरे एक्टर बनने से बहुत पहले मैं ऐसे रहा करता था।"
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।