‘गंदी बात’ की वजह से बढ़ सकती हैं एकता कपूर की मुश्किलें, मुंबई पुलिस जल्द जारी करेगी नोटिस
- बॉलीवुड और टीवी सीरियल की प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दरअसल, मुंबई पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह केस ‘गंदी बात 6’ से जुड़ा है।

प्रोड्यूसर एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, अब मुंबई पुलिस जल्द ही दोनों को नोटिस जारी करेगी। इस बात की पुष्टि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने की है। पुलिस अधिकारी ने कहा, “हम जल्द ही आरोपी व्यक्तियों को नोटिस जारी करेंगे और उन्हें जांचकर्ताओं के सामने पेश होने को कहेंगे।”
क्या है पूरा मामला?
एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर पर ऑल्ट बालाजी की वेब सीरीज ‘गंदी बात’ में नाबालिग लड़कियों के आपत्तिजनक सीन्स फिल्माने का आरोप है। मुंबई पुलिस के मुताबिक, बालाजी टेलीफिल्म लिमिटेड, एकता कपूर और उनकी मां शोभा कपूर के खिलाफ मुंबई के एमएचबी पुलिस स्टेशन में आईपीसी की धारा 295-ए, आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धारा 13 और 15 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
महापुरुषों और संतों का अपमान
इसके साथ ही, सीरीज पर धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप भी हैं। मुंबई के बोरिवली स्थित एमएचबी पुलिस थाने में एक स्थानीय नागरिक ने वेब सीरीज में सिगरेट के विज्ञापन का इस्तेमाल करते हुए महापुरुषों और संतों का अपमान करने का भी आरोप लगाया है।
2020 में जारी हुआ था गिरफ्तारी का वारंट
2020 में भी एकता कपूर के खिलाफ इसी सीरीज की वजह से केस दर्ज हुआ था। तब एकता कपूर पर 'गंदी बात' के एक सीजन में सेना के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री दिखाने का आरोप लगा था। ऐसे में बिहार के बेगूसराय जिले की एक अदालत ने एकता और शोभा की गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया था। बता दें, अभी इस मामले की जांच जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।