तुम्बाड़ के डायरेक्टर के साथ फिल्म बनाएंगी एकता कपूर, रागिनी MMS 3 पर भी आया अपडेट
- एकता कपूर की फिल्म द साबरमती रिपोर्ट कल यानी 15 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस बीच एकता कपूर के आनेवाले प्रोजेक्ट्स के बारे में जानकारी सामने आई है। एकता कपूर तुम्बाड़ के डायरेक्टर के साथ फिल्म प्लान कर रही हैं।

टीवी क्वीन एकता कपूर की फिल्म द साबरमती रिपोर्ट कल यानी शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। इस फिल्म में विक्रांत मैसी और रिद्धी डोगरा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। द साबरमती रिपोर्ट की रिलीज से पहले एकता कपूर की आनेवाली दो फिल्मों की जानकारी सामने आई है। जानकारी के मुताबिक, एकता कपूर तुम्बाड़ के डायरेक्टर राही अनिल बर्वे के साथ फिल्म बनाएंगी। इसी के साथ, एकता कपूर की फिल्म रागिनी एमएमएस 3 पर भी अपडेट आया है।
तुम्बाड़ के डायरेक्टर के साथ फिल्म बनाएंगी एकता कपूर
पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक, एकता कपूर तुम्बाड़ की बड़ी फैन हैं और उन्हें फिल्म के डायरेक्टर अनिल का काम बहुत पसंद आया है। इस वजह से एकता कपूर ने अनिल बर्वे को एक फीचर फिल्म के लिए साइन कर लिया है। इस फिल्म की स्क्रिप्ट अभी तैयार की जा रही है। सूत्रों की मानें तो फिल्म अगले साल प्रोडक्शन स्टेज में पहुंचेगी। एकता कपूर इस फिल्म में यंग जनरेशन के नामी एक्टर्स को कास्ट कर सकती हैं।
रागिनी एमएमएस पर आया ये अपडेट
इसके अलावा, एकता कपूर ने रजत अरोड़ा को फिल्म रागिनी एमएमएस के लिए साइन कर लिया है। अभी फिल्म की स्क्रिप्टिंग का काम जारी है। अगले साल इस फिल्म का भी शूट शुरू हो सकता है। इस फिल्म में तीन एक्ट्रेस मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। स्क्रिप्ट फाइनल होने के बाद फिल्म की टाइमलाइन्स को भी पक्का कर लिया जाएगा।
भूत बंगला और वन का जारी है प्री-प्रोडक्शन
इसके अलावा, एकता कपूर की फिल्म भूत बंगला और वन का प्री-प्रोडक्शन का काम जारी है। वन में सिद्धार्थ मल्होत्रा मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। वहीं, भूत बंगला में अक्षय कुमार मुख्य भूमिका निभाएंगे। द साबरमती रिपोर्ट की बात करें तो यह फिल्म साल 2002 में हुए गोधरा कांड की घटना पर आधारित होगी। फिल्म में रिद्धि डोगरा एक अंग्रेजी जर्नलिस्ट का किरदार निभाती नजर आएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।