Notification Icon
Hindi Newsमनोरंजन न्यूज़भोजपुरीDinesh Lal Yadav Nirhua won azamgarh bypoll here know his struggle an album changed the life - Entertainment News India

गरीबी में बीते दिन, करते थे खेती, एक म्यूजिक एलबम से बदल गई निरहुआ की जिंदगी

भोजपुरी फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ के शुरुआती दिन संघर्षों भरे रहे हैं। वह एक किसान परिवार से आते हैं। एक नजर डालते हैं निरहुआ की जिंदगी पर।

Shrilata लाइव हिंदुस्तान, मुंबईSun, 26 June 2022 02:32 PM
share Share

भोजपुरी सुपरस्टार दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ लोकसभा उपचुनाव में आजमगढ़ से जीत गए हैं। भाजपा प्रत्याशी निरहुआ ने समाजवादी पार्टी के धर्मेद्र यादव को उनके ही गढ़ में मात दे दी है। भोजपुरी फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी सक्रिय निरहुआ के शुरुआती दिन संघर्षों भरे रहे हैं। उनके लिए यहां तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा है। निरहुआ का बचपन बेहद गरीबी में बीता है। वह एक किसान परिवार से आते हैं। एक नजर डालते हैं निरहुआ की जिंदगी पर। 

गांव में गाते थे गाना


निरहुआ का जन्म उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में हुआ। उन्होंने अपनी पढ़ाई कोलकाता से की है। पढ़ाई खत्म करने के बाद वो अपने गांव वापस लौटे। उस वक्त वह अपने करियर के बारे में सोचने लगे। निरहुआ के परिवार के लोग किसी ना किसी रूप में गायन और लेखन से जुड़े रहे हैं। उनका मन भी गायन के क्षेत्र में लगने लगा। पहले निरहुआ गांव-गांव में कार्यक्रमों में गाना गाते थे। उनके पिता ने इस दौरान उनका पूरा साथ दिया और हौसला बढ़ाया।

एलबम से मिली लोकप्रियता


साल 2001 में निरहुआ के पिता की मौत हो गई तब उनके परिवार की जिम्मेदारी उन पर आ गई। कुछ वक्त बाद उन्होंने पहली बार एक एल्बम के लिए गाना गाया। गाना चल गया और लोग उन्हें पहचानने लगे। 2003 में उनका एक और एलबम आया ‘निरहुआ सटल रही’। उन्होंने जिस कंपनी के लिए यह गाना गाया था उसने इसे नहीं लिया, तब वह सीधे टी-सीरीज के ऑफिस पहुंचे और वहां अपना एल्बम दिया। 

सुनने के लिए लाखों लोगों की भीड़


मुंबई से निरहुआ वापस अपने गांव आए और खेती करने में व्यस्त हो गए। करीब 3-4 महीने बीत गए। इसी बीच उनका एलबम रिलीज हो गया। तब तक निरहुआ को  अंदाजा नहीं था कि उनका गाना किस कदर हिट हो गया। वह खेती करने के साथ अपने गांव के आस-पास ही कार्यक्रम करते थे। ऐसे ही एक दिन उन्हें एक कार्यक्रम में जाना था। जहां रास्ते में भारी भीड़ मिली। उन्हें सुनने के लिए लाखों लोगों की भीड़ जुट गई। वहां पहुंचे लोगों ने चिल्लाना शुरू कर दिया ‘निरहुआ सेटल रहे’। उन्हें पहली बार अहसास हुआ कि उन लोगों ने वो एलबम सुना है। सफलता का जो सफर यहां से शुरू हुआ फिर निरहुआ ने पीछे मुड़कर नहीं देखा।

फिल्मों में रखा कदम


निरहुआ ने म्यूजिक एलबम के बाद भोजपुरी फिल्मों में कदम रखा। उनकी पहली फिल्म ‘हमका ऐसा वैसा ना समझा‘ थी, जो 2006 में आई थी। निरहुआ की मुख्य फिल्मों में ‘निरहुआ रिक्शावाला‘, ‘रंगीला बाबू‘, ‘निरहुआ नंबर 1‘, ‘निरहुआ चलल ससुराल‘, ‘गंगा जमुना सरस्वती‘, ‘पटना से पाकिस्तान‘, ‘जिगरावाला‘ सहित अन्य हैं। निरहुआ ने ‘बिग बॉस 6‘ में भी हिस्सा लिया था।
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें