वेंकटेश अय्यर पर भी जमकर बरसीं लक्ष्मी, 23.75 करोड़ में केकेआर ने किया अपने साथ
- Venkatesh Iyer IPL Mega Auction: आईपीएल के मेगा ऑक्शन में भारतीय क्रिकेटरों पर जमकर पैसा बरस रहा है। ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर के बाद वेंकटेश अय्यर की बोली भी 20 करोड़ के ऊपर पहुंची।

Venkatesh Iyer IPL Mega Auction: आईपीएल के मेगा ऑक्शन में भारतीय क्रिकेटरों पर जमकर पैसा बरस रहा है। ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर के बाद वेंकटेश अय्यर की बोली भी 20 करोड़ के ऊपर पहुंची। वेंकटेश अय्यर के लिए केकेआर और आरसीबी के बीच खूब होड़ मची। लेकिन आखिर में केकेआर ने अपने पूर्व खिलाड़ी को टीम के साथ बनाए रखने में कामयाबी हासिल कर ली। केकेआर ने वेंकटेश अय्यर के लिए 23.75 करोड़ रुपए खर्च किए।
मध्य प्रदेश के ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर का बेस प्राइस दो करोड़ रुपए था। पिछले सीजन में वेंकटेश केकेआर के स्टार रहे थे। केकेआर ने बोली की शुरुआत की और उनके पीछे लखनऊ सुपर जायंट्स भी आया। केकेआर की बोली एक वक्त 7.75 करोड़ रुपए पर थी। तब लग रहा था कि वह इसी रकम पर अय्यर को अपने साथ जोड़ लेगी। लेकिन उसी वक्त आरसीबी ने एंट्री की। बोली 12 से 14 करोड़ तक पहुंची। कुछ देर के बाद 18 और फिर 19 करोड़ तक पहुंच गई।
थोड़ी ही देर के बाद वेंकटेश अय्यर के लिए बोली 20 करोड़ के ऊपर पहुंच गई। केकेआर की बोली 20.75 करोड़ तक पहुंची। यहां से आरसीबी भी पीछे नहीं हट रही थी। एक पल के लिए तो लगा कि वेंकटेश ऑक्शन में इतिहास बनाएंगे और ऋषभ पंत-श्रेयस अय्यर को पीछे छोड़ देंगे। हालांकि 23.75 करोड़ की बोली पर आरसीबी पीछे हट गई। इस तरह से वेंकटेश अय्यर एक बार फिर से केकेआर कैंप का हिस्सा होंगे।