Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Suryakumar Yadav wrested the Sixer King crown from Yuvraj Singh after Hitting 100 plus Sixes in 50 T20I innings

सूर्यकुमार ने 50 T20I पारियों के बाद युवराज से छीना 'सिक्सर किंग' का ताज, ऐसा करने वाले पहले भारतीय

'मिस्टर 360' सूर्यकुमार यादव ने 'सिक्सर किंग' युवराज सिंह का एक धांसू रिकॉर्ड तोड़ दिया है। सूर्या ने 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में वो कारनामा अंजाम दिया, जो कोई और भारतीय नहीं कर सका।

Md.Akram लाइव हिंदुस्तान टीम, नई दिल्लीMon, 14 Aug 2023 09:33 AM
share Share

टीम इंडिया को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-3 से हार का मुंह देखना पड़ा। भारत ने पांचवें टी20 मैच में 166 रन का लक्ष्य रखा और 8 विकेट से हार झेली। सूर्यकुमार यादव ने इस मैच में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाए। उन्होंने 45 गेंदों में 4 चौकों और 3 छक्कों की बदौलत 61 रन जुटाए। यह सूर्या के टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की 50वीं पारी थी और उन्होंने रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करवा लिया। सूर्या ने दिग्गज युवराज सिंह से भारतीय 'सिक्सर किंग' का ताज छीन लिया है।

दरअसल, सूर्यकुमार 50 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों के बाद 100 या उससे अधिक सिक्स लगाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वह अब तक 104 छक्के जड़ चुके हैं। लिस्ट में दूसरे नंबर पर युवराज हैं, जिन्होंने पचासा टी20 इंटरनेशनल पारियों में 71 छक्के जमाए। उनके बाद केएल राहुल (70), हार्दिक पांड्या (47) हैं। रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर और शिखर धवन 42 सिक्स के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। विराट कोहली (39) और सुरेश रैना संयुक्त रूप से छठे पायदान पर हैं। बता दें कि युवराज ने अपने करियर में कुल 58 T20I मैच खेले और 77 सिक्स उड़ाए।

सूर्यकुमार ने इसके अलावा एक और रिकॉर्ड बनाया है। वह पचास टी20 इंटरनेशनल पारियों के बाद दुनिया में सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट वाले प्लेयर हैं। सूर्या का फिलहाल स्ट्राइक रेट 173 का है। न्यूजीलैंड के कॉलिन मुनरो इस फेहरिस्त में दूसरे नंबर पर खिसक गए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 162 का था। ऑस्ट्रेलिया के धाकड़ ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल (158) और वेस्टइंडीज के आंद्रे रसेल (157) क्रमश: तीसरे और चौथे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच पांचवें पायदान पर हैं। उनका स्ट्राइक रेट 156 का था।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें