Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Shubman Gill becomes the hitman of IPL Playoffs Rohit Sharma could not do this in 21 innings but GT opener did in 9 innings

IPL प्लेऑफ के 'हिटमैन' बने शुभमन गिल, रोहित शर्मा जो 21 पारियों में नहीं कर सके, वो 9 में कर दिखाया

Shubman Gill in IPL Playoffs: शुभमन गिल का बल्ला इन दिनों जमकर आग उगल रहा है। वह नई उपलब्धिया हासिल कर रहे हैं और नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। गिल ने अब 'हिटमैन' रोहित शर्मा को पछाड़ दिया है।

Md.Akram लाइव हिंदुस्तान टीम, नई दिल्लीSat, 27 May 2023 09:21 AM
share Share

गुजरात टाइटंस (जीटी) के सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल आईपीएल 2023 में एक अलग ही अवतार में नजर आ रहे हैं। शानादर फॉर्म में चल रहे गिल ऑरेंज कैप होल्डर हैं। गिल का क्वॉलिफायर-2 में भी बल्ला जमकर चला। उन्होंने 60 गेंदों में 10 छक्कों और 7 चौकों की बदौलत 129 रन की पारी खेली। वह प्लेऑफ में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले प्लेयर बन गए हैं। यह उनका मौजूदा सीजन का तीसरा शतक था। गिल साथ ही प्लेऑफ के 'हिटमैन' बन गए हैं। दरअसल, गिल ने 'हिटमैन' के नाम से मशहूर रोहित शर्मा को प्लेऑफ में रन बनाने के मामले में पछाड़ दिया है। रोहित के अलावा कई खिलाड़ी पीछे छूटे हैं।

गिल के नाम अब आईपीएल प्लेऑफ में 9 पारियों में 435 दर्ज हैं। उनका इस दौरान औसत 54.38 और स्ट्राइक रेट 137.65 का रहा। उन्होंने एक फिफ्टी और एक सेंचरी जमाई। वहीं, रोहित ने प्लेऑफ में 21 पारियों में 15.8 के औसत और 108.96 के स्ट्राइक रेट से 316 रन से जुटाए। उन्होंने दो अर्धशतक (2015 और 2020) जड़े। गिल प्लेऑफ में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की फेहरिस्त में तीसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। टॉप पर सुरेश रैना हैं, जिन्होंने 714 रन जोड़े हैं। महेंद्र सिंह धोनी दूसरे पायदान पर हैं। वह 523 रन बना चुके हैं। शेन वॉटसन (389) चौथे और माइकल हसी (388) पांचवें नंबर पर हैं।

गौरतलब है कि गिल ने 16वें सीजन में अब तक 16 मैचों में 60.79 के औसत और 156.43 के स्ट्राइक रेट से 851 रन जुटा लिए हैं। वह फिलहाल एक सीजन में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हैं। उनसे आगे दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली और जस बटलर हैं। कोहली ने आईपीएल 2016 में 973 जबकि बटलर ने पिछले साल 863 रन बनाए थे। गिल अगर फाइनल में 123 रन की पारी खेलने में कामयाब हो गए तो कोहली का रिकॉर्ड ध्वस्त कर देंगे। उन्हें बटलर को पछाड़ने के लिए 13 रन की जरूरत है। फाइनल रविवार (28 मई) को गुजरात और चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।

आईपीएल प्लेऑफ में सर्वाधिक रन (पारी)

714 - रैना (24)
523 - धोनी (22)
435 - गिल (9)*
389 - वॉटसन (12)
388 - हसी (11)
373 - डुप्लेसी (14)
364 -  विजय (10)
351 - डी स्मिथ (11)
341 - पोलार्ड (17)
330 - धवन (18)
329 - सूर्य (10)
316 - रायडू (21)
316 - रोहित (21)
308 - कोहली (14)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें