Notification Icon
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़K Srikkanth Slams BCCI For Ignoring Ruturaj Gaikwad Drops Favouritism Bombshell

पूर्व चीफ सिलेक्टर ने BCCI पर साधा निशाना, कहा- टीम के चयन में हुआ है पक्षपात

T20 World Cup 2024 के लिए ऋतुराज गायकवाड़ को भारतीय टीम में नहीं चुना गया। ऐसे में उनकी अनदेखी करने के लिए पूर्व क्रिकेटर के श्रीकांत ने BCCI की आलोचना की और बोर्ड पर पक्षपात का आरोप भी लगाया। 

Vikash Gaur लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 2 May 2024 05:07 AM
share Share

भारत के पूर्व महान बल्लेबाज कृष्णमाचारी श्रीकांत ने आगामी टी20 विश्व कप 2024 के लिए चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ की अनदेखी को लेकर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई पर निशाना साधा। आईपीएल 2024 में अच्छे प्रदर्शन के बावजूद रुतुराज गायकवाड़ को भारतीय टीम में जगह नहीं मिल सकी। श्रीकांत इस बात से भी खुश नहीं है कि शुभमन गिल को रिजर्व प्लेयर्स की लिस्ट में जगह मिली है। श्रीकांत ने टीम प्रबंधन पर 'पक्षपात' का आरोप लगाया और कहा कि गिल को तब भी मौके मिलते रहते हैं, जब वह किसी भी प्रारूप में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे होते हैं। 

वर्ल्ड कप 2011 के चीफ सिलेक्टर श्रीकांत ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "शुभमन गिल पूरी तरह से आउट ऑफ फॉर्म हैं, लेकिन उन्हें टीम में क्यों चुना गया है? इसमें कोई संदेह नहीं है कि ऋतुराज गायकवाड़ एक स्थान के हकदार हैं। उन्होंने 10 पारियों में 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इसके अलावा उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी शतक लगाया था। शुभमन गिल चयनकर्ताओं के लिए पसंदीदा खिलाड़ी हैं। असफल होने पर भी उन्हें मौका मिलता है। टेस्ट, वनडे और टी20 में असफल होने पर भी उन्हें जगह मिल जाती है। चयन में बहुत अधिक पक्षपात होता है। टीम का चयन पूरी तरह से पक्षपात पर आधारित है।"

टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम में रिंकू सिंह एक और बड़ा नाम थे, जो टीम का हिस्सा नहीं बने। उनको भी रिजर्व में रखा गया है। यह बोर्ड और चयनकर्ताओं का एक ऐसा निर्णय है जिसकी प्रशंसकों और कई विशेषज्ञों द्वारा भारी आलोचना की गई है। रिंकू सिंह ने भारत के लिए अगस्त 2023 में डेब्यू किया था और इसके बाद से 15 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं और उनकी 11 पारियों में वे 7 बार नाबाद लौटे हैं। उन्होंने 356 रन 176 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बनाए। वहीं, उनका औसत 89 का रहा और इस दौरान दो अर्धशतक भी उनके बल्ले से निचले क्रम में निकले, लेकिन उनका चयन नहीं हुआ।   

टी20 विश्व कप 2024 के लिए भारत की टीम

रोहित शर्मा (कप्तान), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), यशस्वी जयसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, रविंद्र जड़ेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, मोहम्मद सिराज और जसप्रित बुमराह।

रिजर्व: शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद और आवेश खान

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें