Notification Icon
Hindi Newsक्रिकेट न्यूज़Happy Birthday Rohit sharma Team India captain Rohit Sharma turns 35 today A look at incredible records held by The Hitman

Happy Birthday Rohit sharma: 35 साल के हुए रोहित शर्मा, ऑफ स्पिनर से बने दुनिया के सबसे खतरनाक बल्लेबाज, देखिए हिटमैन के रिकॉर्ड

भारतीय टीम के फुल टाइम कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। रोहित ने अपने 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान कई ऐसे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं।

Himanshu Singh लाइव हिन्दुस्तान टीम, नई दिल्लीSat, 30 April 2022 05:45 AM
share Share

भारतीय टीम के फुल टाइम कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) आज अपना 35वां जन्मदिन मना रहे हैं। रोहित ने अपने 15 साल के अंतरराष्ट्रीय करियर के दौरान कई ऐसे रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं, जिन्हें तोड़ना लगभग नामुमकिन जैसा है। वनडे क्रिकेट में तीन दोहरा शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज रोहित शर्मा का जन्म 30 अप्रैल 1987 को महाराष्ट्र के नागपुर जिले में हुआ था। 2013 में जैसे ही एमएस धोनी ने उन्हें सलामी बल्लेबाज बनाया, उनके करियर का ग्राफ ऐसा बढ़ा कि वह वर्तमान में टीम के तीनों फॉर्मेट के कप्तान बन गए हैं। 

रोहित शर्मा वनडे क्रिकेट में तीन बार 209, 264 और 208 रन की पारियां खेलने वाले एकमात्र बल्लेबाज हैं। आज रोहित शर्मा का जन्मदिन है और हम आपको उनसे जुड़े कई रिकॉर्ड और दिलचस्प किस्से के बारे में बता रहे हैं।

  • जब रोहित शर्मा ने क्रिकेट खेलना शुरू किया तो वह गेंदबाज बनना चाहते थे। रोहित शर्मा ने अपने करियर की शुरुआत एक ऑफ स्पिनर के रूप में की थी। उस समय रोहित शर्मा 8वें नंबर पर बल्लेबाजी करते थे। तब रोहित के कोच दिनेश लाड थे और उन्होंने ही रोहित की बल्लेबाजी पर ध्यान दिया और उन्हें इस पर ध्यान देने को भी कहा।
  • 2007 में रोहित ने आयरलैंड दौरे पर भारत के लिए पहला वनडे मैच खेला था। रोहित को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का मौका मिला था, इस मैच वह 'प्लेयर ऑफ द मैच' रहे। उन्होंने 50 रन की पारी खेली थी। इसी साल उन्हें टी-20 वर्ल्ड कप की टीम में भी चुना गया था। टूर्नामेंट के फाइनल में रोहित ने 16 गेंदों मं 30 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली थी। 
  •  भारत की तरफ से क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में रोहित शर्मा ने सेंचुरी लगाई है। भारत के लिए उनके अलावा सुरेश रैना और केएल राहुल ही ऐसा कर सके हैं।
  • रोहित शर्मा ने 2014 में श्रीलंका के खिलाफ अपने करियर की सबसे यादगार पारी खेली थी। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ वनडे क्रिकेट इतिहास में एक पारी में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाए गए सबसे ज्यादा रन बनाए। रोहित ने इस मैच में 264 रन बनाए थे। तब रोहित ने 173 गेंद पर 33 चौके और 9 छक्के जड़े थे।
  • वनडे इंटरेनशनल में महज 8 बार बल्लेबाज डबल सेंचुरी जड़ चुके हैं, जिसमें से तीन बार तो रोहित शर्मा ने ही ये कारनामा किया है। रोहित के अलावा सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, क्रिस गेल, फखर जमान औैर मार्टिन गप्टिल एक-एक बार डबल सेंचुरी जड़ चुके हैं।
  • वनडे में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्का लगाने वाले रोहित शर्मा दूसरे बल्लेबाज हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 209 रनों की पारी के दौरान 16 छक्के जड़े थे। मोर्गन ने अफगानिस्तान के खिलाफ 17 छक्के लगाकर ये रिकॉर्ड अपने नाम किया था। 
  • 2017 में रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ 35 गेंद पर टी-20 सेंचुरी जड़ी थी। जो टी-20 इंटरनेशनल में डेविड मिलर के साथ संयुक्त रूप से सबसे तेज सेंचुरी है।

युवराज सिंह का खुलासा- सौरव गांगुली के कारण डेब्यू मैच से पहले सो नहीं पाया था

 

रोहित शर्मा ने अब तक 45 टेस्ट, 230 वनडे और 125 टी20 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने वनडे में 9283 रन, टेस्ट में 3137 रन और टी20 इंटरनेशनल में 3313 रन बनाए हैं। रोहित अब तक 41 अंतरराष्ट्रीय शतक लगा चुके हैं। उन्होंने टेस्ट में 8 शतक, वनडे में 29 और टी20 अंतरराष्ट्रीय में 4 शतक बनाए हैं। रोहित ने आईपीएल में 221 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने एक शतक के साथ 5764 रन बनाए हैं।
 

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें