IPL के बीच में अर्जुन तेंदुलकर को कुत्ते ने काटा, मैच से पहले लखनऊ में घटी घटना
IPL 2023 के बीच मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर को कुत्ते ने काट लिया है। मैच से पहले लखनऊ में उनके साथ ये घटना घटी, जिसका जिक्र उन्होंने अपने मुंबई के दोस्तों से किया है।

मुंबई इंडियंस के तेज गेंदबाज अर्जुन तेंदुलकर से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ होने वाले मैच से पहले टीम के तेज गेंदबाज को कुत्ते ने काट लिया है। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद किया है। महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने अपने दोस्तों को बताया है कि उनको कुत्ते ने काट लिया है और इस वजह से उनके हाथ में सूजन है। कुत्ते ने उस हाथ की उंगलियों पर काटा है, जिससे वह गेंदबाजी करते हैं।
लखनऊ सुपर जाएंट्स यानी एलएसजी ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें अर्जुन तेंदुलकर मुंबई के अपने साथी खिलाड़ियों से मिल रहे हैं। इस वीडियो में सुना और देखा जा सकता है कि अर्जुन तेंदुलकर को कुत्ते के काटने की बात को कबूल किया है। लखनऊ के क्रिकेटर युद्धवीर सिंह चरक उनसे पूछते हैं कि सब बढ़िया? इस पर अर्जुन तेंदुलकर कहते हैं, "कुत्ता काटा है।" वहीं, मोहसिन खान पूछते हैं कब? तो अर्जुन कहते हैं एक दिन पहले। आप भी देखें वीडियो
बता दें कि इस सीजन में अर्जुन तेंदुलकर ने मुंबई इंडियंस के लिए डेब्यू जरूर किया, लेकिन उनको ज्यादा मौके नहीं मिले। इसके पीछे का कारण यह था कि टीम के पास पहले से ही लेफ्ट आर्म पेसर हैं, जो अच्छी गेंदबाजी कर रहे हैं। हालांकि, उनको 4 मैचों में खेलने का मौका मिला है और वे तीन ही विकेट निकालने में सफल हुए हैं। आगे शायद ही उनको इस सीजन मौका मिलने की उम्मीद है। फिलहाल के लिए तो वे नेट्स में भी गेंदबाजी करने में सक्षम नहीं हैं।