BCCI ने किया रेस्ट ऑफ इंडिया स्क्वॉड का ऐलान, ईरानी कप में ऋतुराज संभालेंगे कमान; दयाल-जुरेल पर एक पेच
- Rest of India squad For for Irani Cup: बीसीसीआई ने रेस्ट ऑफ इंडिया स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है। ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंपी गई है। यश दयाल और ध्रुल पर एक पेच है।

बीसीसीआई ने मंगलवार को ईरानी कप 2024 के लिए रेस्ट ऑफ इंडिया स्क्वॉड का ऐलान कर दिया। 15 सदस्यीय टीम की कमान ऋतुराज गायकवाड़ को सौंपी गई है। अभिमन्यु ईश्वरन को उपकप्तान बनाया गया है। रेस्ट ऑफ इंडिया की 1 से 5 अक्तूबर तक मुंबई से भिड़ंत होगी। यह मैच लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी एकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई 2023-24 रणजी ट्रॉफी चैंपियन है।
गायकवाड़ और ईश्वरन ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी में अच्छा प्रदर्शन किया। गायकवाड़ ने 232 और ईश्वरन ने 309 रन बनाए थे। ईश्वरन ने दो शतक जड़कर खूब वाहवाही बटोरी। दोनों एक बार फिर बल्ले से छाप छोड़ने की फिराक में होंगे। वहीं, संजू सैमसन को टीम में जगह नहीं मिली क्योंकि ध्रुव जुरेल और ईशान किशन को विकेटकीपर के रूप में चुना गया है। संजू और ईशान ने दलीप ट्रॉफी में शतक जमाया था।
जुरेल और तेज गेंदबाज यश दयाल भले ही रेस्ट ऑफ इंडिया का हिस्सा हैं लेकिन दोनों को लेकर एक पेच है। दरअसल, दयाल और जुरेल की मुंबई के खिलाफ भागीदारी कानपुर टेस्ट में नहीं खेलने पर निर्भर करेगी। दोनों बांग्लादेश के विरुद्ध दूसरे टेस्ट मैच के लिए भारतीय स्क्वॉड में शामिल हैं, जो 27 सितंबर से शुरू होगा। दयाल और जुरेल चेन्नई टेस्ट में प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे।
रेस्ट ऑफ इंडिया स्क्वॉड: ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), अभिमन्यु ईश्वरन (उपकप्तान), साई सुदर्शन, देवदत्त पडिक्कल, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), मानव सुथार, सारांश जैन, प्रसिद्ध कृष्णा, मुकेश कुमार, यश दयाल, रिकी भुई, शाश्वत रावत, खलील अहमद, राहुल चाहर।
सरफराज खान को अगर कानपुर टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली तो उन्हें भी ईरानी कप के लिए भारतीय टीम से रिलीज किया जा सकता है। वह अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली मुंबई टीम का हिस्सा हो सकते हैं। बीसीसीआई ने कहा, ''सरफराज खान को दूसरे टेस्ट के लिए भारतीय टीम में बरकरार रखा गया है। वह अगर कानपुर में बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच की एकादश का हिस्सा नहीं बनते है तो उन्हें मुंबई टीम का प्रतिनिधित्व करने के लिए रिलीज कर दिया जाएगा।''