Notification Icon
Hindi Newsकरियर न्यूज़BPSC TRE-3: 5 main accused in Bihar teacher recruitment exam question paper leak arrested from Ujjain

BPSC TRE-3: बिहार शिक्षक भर्ती परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक में 5 मुख्य आरोपी उज्जैन से गिरफ्तार

बिहार में बीपीएससी के जरिए तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर लीक मामले में जांच कर रही पुलिस आर्थिक अपराध ईकाई को बड़ी कामयाबी मिली है। मामले में 5 मुख्य आरोपियों को शनिवार को उज्जैन के एक होट

Alakha Ram Singh हिन्दुस्तान ब्यूरो, पटनाSun, 21 April 2024 05:21 AM
share Share

BPSC Bihar Teacher Recruitment 2024: बीपीएससी शिक्षक भर्ती के तीसरे चरण की परीक्षा के पेपर लीक मामले में पांच मुख्य आरोपियों को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया है। इसमें एक लड़की और 4 लड़के हैं। इन्हें वहां की स्थानीय पुलिस की मदद से ईओयू की विशेष टीम ने गिरफ्तार किया। शनिवार की सुबह इन सभी को उज्जैन स्थित एक होटल से गिरफ्तार किया गया है। जहां ये लोग फर्जी नाम-पता पर रह रहे थे। इन पांचों अभियुक्तों को गिरफ्तारी के बाद वहां की स्थानीय अदालत में पेश किया गया और इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर इन सभी को पटना लाया जा रहा है। इनके रविवार की दोपहर तक यहां पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। सोमवार (22 अप्रैल) को इन सभी को पटना के कोर्ट में पेश किया जाएगा।

ये सभी बिहार के ही अलग-अलग जिलों के रहने वाले हैं। सुरक्षा कारणों से जांच एजेंसी ने इनकी पहचान फिलहाल उजागर नहीं की है। यहां पहुंचने के बाद इनके बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्राप्त सूचना के अनुसार, ये 5 अभियुक्त इस पेपर लीक कांड के मुख्य अभियुक्तों की फेहरिस्त में शामिल हैं।

पेपर कैसे लीक हुआ, खुल सकता है राज:
पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में प्रश्न-पत्र कहां से कैसे और किसकी मदद से लीक हुआ, इसकी पूरी जानकारी सामने आ सकती है। पेपर लीक कांड के इन मुख्य अभियुक्तों से सघन पूछताछ में कई अन्य महत्वपूर्ण बातों की जानकारी भी मिलेगी। बताया जा रहा है कि पेपर लीक होने के बाद ये सभी 5 अभियुक्त महाकाल का दर्शन करने उज्जैन भाग गए थे और वहीं अपनी पहचान बदल कर वहां रहने लगे थे। लेकिन, जांच में सुराग मिलने पर ईओयू की टीम ने वहां पहुंच कर पूरे ऑपरेशन को अंजाम दिया है।

हजारीबाग में पकड़े गए थे 270 अभ्यर्थी
बीपीएससी की तरफ से तीसरे चरण की लिखित परीक्षा का आयोजन 15 मार्च को किया गया था। इसका प्रश्न-पत्र पहले ही लीक हो गया था। 15 मार्च की सुबह करीब 5 बजे हजारीबाग के कुर्रा, पदमा और बरही स्थित कोहिनूर होटल एवं मैरेज हॉल में झारखंड पुलिस की मदद से सघन छापेमारी की गई। इस दौरान पाया गया कि होटल के कई कमरों के अलावा मैरेज हॉल में 270 से अधिक अभ्यर्थियों को बैठाकर प्रश्न का उत्तर रटवाया जा रहा था। मामले की जांच के लिए ईओयू ने एसपी के नेतृत्व में 8 सदस्यीय एसआईटी का गठन किया था। इसके बाद से पूरे मामले की तफ्तीश जारी है।

ईओयू के डीआईजी मानवजीत सिंह ढिल्लो ने बताया कि बीपीएससी तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले में 5 मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी उज्जैन से कर ली गई है। इन्हें ट्रांजिट रिमांड पर बिहार लाया जा रहा है। इनसे पूछताछ में कई अहम बातों का खुलासा होने की संभावना है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें