RRB Group D : 35 किलो की बोरी के साथ लगानी होगी दौड़, जानें रेलवे ग्रुप डी भर्ती के PET नियम
- RRB Group D PET : रेलवे में निकली ग्रुप डी के 32438 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया rrbapply.gov.in पर कल 23 जनवरी से शुरू हो जाएगी।

रेलवे में निकली ग्रुप डी के 32438 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया rrbapply.gov.in पर कल 23 जनवरी से शुरू हो जाएगी। इस बार भी रेलवे ग्रुप डी भर्ती की चयन प्रक्रिया वर्ष 2019 की भर्ती के समान ही है। साल 2019 में रेलवे ग्रुप डी के 1.03 लाख पदों पर भर्ती निकली थी जिसके लिए 1 करोड़ 15 लाख लोगों ने आवेदन किया था। पिछली भर्ती की तरह इस बार की भर्ती में भी उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) और शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) के आधार पर किया जाएगा। सीबीटी में मार्क्स नॉर्मलाइजेशन की पद्धति अपनाई जाएगी। सीबीटी में सफल उम्मीदवारों को पीईटी (फिजिकल टेस्ट - शारीरिक दक्षता परीक्षा) में बुलाया जाएगा। सीबीटी सिर्फ एक चरण में होगा। पीईटी के बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल होगा।
सीबीटी में प्रदर्शन के आधार पर कुल वैकेंसी के तीन गुना उम्मीदवारों को पीईटी के लिए बुलाया जाएगा। पीईटी में पुरुष उम्मीदवारों को 35 किलोग्राम वजनी बोरी के साथ 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में कवर करनी होगी। सिर्फ एक चांस मिलेगा। बोरी बीच में नीचे नहीं रख सकते। इसके अलावा 4 मिनट 15 सेकेंड में 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इस दौड़ के लिए भी एक ही चांस मिलेगा।
महिला उम्मीदवारों को भी 20 किलोग्राम वजन के साथ 100 मीटर की दूरी 2 मिनट में कवर करनी होगी। सिर्फ एक चांस मिलेगा। बोरी बीच में नीचे नहीं रख सकते। इसके अलावा 5 मिनट 40 सेकेंड में 1000 मीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। इस दौड़ के लिए भी एक ही चांस मिलेगा।
रेलवे ग्रुप डी भर्ती के फिजिकल टेस्ट में बहुतों को कदम लड़खड़ा जाते हैं और सांसें फूल जाती हैं। इसलिए अभी से इसकी प्रैक्टिस करें।
सीबीटी 90 मिनट का होगा। इसमें कुल 100 प्रश्न होंगे। जनरल साइंस व मैथमेटिक्स से 25-25 प्रश्न पूछे जाएंगे। 30 प्रश्न जनरल इंटेलिजेंसी व रीजनिंग और 20 प्रश्न जनरल अवेयरनेस व करेंट अफेयर्स से आएंगे। सीबीटी में प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक काटा जाएगा।
नोटिफिकेशन देखने के लिए क्लिक करें
रेलवे ग्रुप डी भर्ती में असिस्टेंट (एस एंड टी), सहायक (वर्कशॉप), असिस्टेंट ब्रिज, असिस्टेंट कैरिज और वैगन, असिस्टेंट लोको शेड (डीजल), असिस्टेंट लोको शेड (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट ऑपरेशन (इलेक्ट्रिकल), असिस्टेंट पी.वे, असिस्टेंट टीएल और एसी (वर्कशॉप), असिस्टेंट टीएल और एसी, असिस्टेंट ट्रैक मशीन, असिस्टेंट टीआरडी, पॉइंट्समैन बी ट्रैकमेंटेनर-IV के पद भरे जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।