पटना ट्रैफिक की कमान संभालेंगी महिलाएं; खुलेंगी 54 नई यातायात चौकियां, महिला दिवस पर CM की सौगात
पटना शहर में महिलाओं द्वारा संचालित 54 ट्रैफिक चौकियां बनेंगी। इन सभी ट्रैफिक चौकियों पर विश्राम गृह, शौचालय, पेयजल, प्राथमिक उपचार किट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। महिला दिवस पर सीएम नीतीश ने मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का लोकार्पण किया।

मुख्यमंत्री ने नीतीश कुमार ने शनिवार को संजय गांधी जैविक उद्यान के प्रवेश द्वार संख्या-2 के समीप मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का लोकार्पण किया। साथ ही उन्होंने मॉडल ट्रैफिक पोस्ट का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की जानकारी ली। पटना शहर में महिलाओं द्वारा संचालित 54 ट्रैफिक चौकियां बनेंगी। इन सभी ट्रैफिक चौकियों पर विश्राम गृह, शौचालय, पेयजल, प्राथमिक उपचार किट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शनिवार से पटना के चार स्थानों- चिड़ियाखाना गेट नंबर-2, सगुना मोड़, नवीन सचिवालय मोड़ तथा हड़ताली मोड़ पर मॉडल ट्रैफिक पोस्ट कार्यरत कर दिये गये।
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित ‘महिला दिवस एक नयी मिशाल- पटना ट्रैफिक की जिम्मेदारी महिलाओं के हाथ' कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने इसका लोकार्पण किया। मालूम हो कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में राज्य सरकार लगातार कदम उठा रही है। बिहार देश का पहला राज्य है जिसने पुलिस बल में महिलाओं के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान किया है। इसका परिणाम है कि बिहार पुलिस में लगभग 30 हजार महिला पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल हैं।
पटना ट्रैफिक पुलिस ने हाल ही में महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं जैसे पटना शहरी क्षेत्र की ट्रैफिक व्यवस्था को नियंत्रित करने में 450 से अधिक महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं। इसके अलावा 8 महिला क्विक रिस्पांस टीम डॉल्फिन्स का गठन किया गया है, जिसमें सभी अधिकारी, कांस्टेबल और यहां तक कि ड्राइवर भी महिला हैं।
26 जनवरी 2025 को आयोजित राज्यस्तरीय परेड में पहली बार पटना ट्रैफिक पुलिस की महिला टुकड़ी ने भाग लिया, जो एक बड़ा प्रेरणादायक उदाहरण पेश करती है। मौके पर जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, डीजपी विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, अपर पुलिस महानिदेशक कुंदन कृष्णन, मुख्यमंत्री के विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक अवकाश कुमार, पुलिस अधीक्षक पटना यातायात अपराजित लोहान आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।