तीन दिन तक छाया रहेगा घना कोहरा
सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्र में शीतलहर

सुपौल, हिन्दुस्तान संवाददाता। पहाड़ी क्षेत्र में लगातार बर्फबारी के चलते मैदानी क्षेत्र में शीतलहर पूरे शबाब पर है। इसके प्रभाव से कोसी और सीमांचल के जिलों को सर्दी के सितम से फौरी राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। पहाड़ों की तरफ से आ रही सर्द हवा के कारण एक बार फिर जिले में पारा गिर गया है। घना कोहरा छा गया। हवा में नमी बढ़ गई है। इसके कारण गलन का अहसास लोगों को फिर से होने लगा है। मौसम में बदलाव के कारण दिन और रात का तापमान भी नीचे लुढ़क गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के पटना के वैज्ञानिकों ने बताया कि हिमालय की तरफ से सर्द हवाएं आ रही हैं। यह कोसी समेत उत्तर बिहार में ठंड को बढ़ा दिया। इन सर्द हवाओं के कारण एक बार फिर से सर्दी सितम कहर बरपाने लगी है। सोमवार को कोहरा छंटा था। अच्छी धूप निकली थी लेकिन मंगलवार को एक बार फिर मौसम का मिजाज सर्द हुआ। मंगलवार को दोबारा घना कोहरा आसमान में छा गया। करीब 11 किलोमीटर की रफ्तार से बर्फीली पछुआ हवा चली। हवा में नमी भी बढ़कर 83 फीसद तक पहुंच गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा है। यह सामान्य से करीब 2.2 डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं रात का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सोमवार के मुकाबले करीब दो डिग्री सेल्सियस नीचे लुढ़का है। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि जेट स्ट्रीम का असर अभी तीन दिनों तक बना रहेगा। हिमालय से टकराने के बाद यह हवा वापस लौटेंगी। इसके कारण ठंड बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक एसके सुमन ने बताया कि कोसी-सीमांचल समेत उत्तर बिहार के जिलों में बुधवार से अगले तीन दिनों तक घना कोहरा छाया रह सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।