किसी और से अफेयर था इसलिए 6 लोगों ने गैंगरेप कर दिया, महिला से बोले- हमसे भी दोस्ती करो
आरोपियों ने महिला से दोस्ती करने और फिर संबंध बनाने की बात कही। उन्होंने पीड़िता से कहा कि तुम्हारा किसी और से अफेयर है। इससे गांव की बदनामी हो रही है।

बिहार के मुंगेर जिले में 6 लोगों ने एक महिला का गैंगरेप कर दिया। इस मामले में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वारदात हवेली खड़गपुर थाना इलाके के एक गांव की है। गैंगरेप मामले में चौंकाने वाली बात सामने आई है। पीड़िता से गैंगरेप करने वाले सभी आरोपी उसके गांव के ही रहने वाले हैं। उनका कहना है कि महिला का किसी और से अफेयर था। इससे गांव की बदनामी हो रही थी। उन्होंने महिला से दोस्ती करने की बात कही। जब उसने इनकार कर दिया, तो आरोपियों ने उसके साथ दरिंदगी की।
जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला का पति बिहार से बाहर मजदूरी करता है। वह अपने ससुर और बच्चे के साथ गांव में ही रहती है। कुछ दिन पहले वह अपने भगिना के साथ जयपुर गई थी। 2 दिसंबर को वह वापस लौटी। गांव के लोग उसके जयपुर जाने पर सवाल उठाने लगे। 5 सितंबर की गांव के 6 युवक रात करीब 10 बजे उसके घर आ धमके।
रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपियों ने महिला से दोस्ती करने और फिर संबंध बनाने की बात कही। उन्होंने पीड़िता से कहा कि तुम्हारा किसी और से अफेयर है। इससे गांव की बदनामी हो रही है। इससे अच्छा है कि तुम हम गांव वालों से ही दोस्ती करो। महिला ने जब मना कर दिया तो सभी आरोपियों ने मिलकर उसके साथ दरिंदगी की। उन्होंने बारी-बारी से उसका गैंगरेप किया और फिर वहां से भाग निकले।
महिला ने खड़गपुर थाने में 6 आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने उनमें से पांच को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। बताया जा रहा है कि पुलिस से पूछताछ में उन्होंने अपना जुर्म भी कबूल लिया है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है। एक अन्य आरोपी की तलाश भी जारी है।