Hindi Newsबिहार न्यूज़Sky disaster in Bihar 5 people died due to collapse in Kaimur 9 lost their lives in 24 hours

बिहार में आसमानी आफत; कैमूर में ठनका गिरने से 5 लोगों की मौत, 24 घंटे में 9 की गई जान

बिहार में ठनका गिरने से अलग-अलग जिलों में 10 लोगों की मौत गई। कैमूर में सबसे ज्यादा 5 लोगों की जान गई। सीएम नीतीश ने दस लोगों की मौत पर दुख जताया है, और 4-4 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि दी है।

Sandeep हिन्दुस्तान ब्यूरो, कैमूर पटनाSun, 7 July 2024 05:40 PM
share Share

बिहार के कैमूर जिले में ठनका गिरने से रविवार को एक महिला सहित पांच लोगों की मौत व चार महिलाओं के झुलसने की घटना के बाद घर-परिवार में कोहराम मचा है। घटना के बारे में जिसे भी जैसे जानकारी मिल रही है, वह मृतकों के घर पहुंच रहे हैं। नाते-रिश्तेदार भी रोते-बिलखते पहुंच रहे हैं। महिलाओं की चीत्कार से हर किसी की आंखें नम हो जा रही हैं। शवों का पोस्टमार्टम कराकर घर पर शवों के लाए जाने के बाद महिलाएं उनसे लिपटकर रो रही थीं। मृतकों के दरवाजे पर भीड़ लगी है। भगवानपुर थाना की सब इंस्पेक्टर अर्पणा कुमारी, मुखिया अमरेंद्र सिंह पहुंचे थे। सीओ ने सहायता राशि दिलवाने की बात कही।

भगवानपुर थाना क्षेत्र के जैदपुरखुर्द के बधार स्थित खेत में काम कर रहे रामनिवास बिंद की मौत ठनका गिरने से हो गई। पुनाव बधार में मवेशी चराने के दौरान सोनाव के आशीष की मौत हो गई। सिझुआं गांव के बधार में धनरोपनी के दौरान ठनका गिरने से सीता मुनि ने दम तोड़ दिया।इस घटना में तीन महिलाएं भी झुलसी हैं। अवंती में भैंस चरा रहे सागरपर टोला के सुग्रीव पाल की व खेत में काम करने के बाद हरिहरपुर डेरा गांव के शिवजी बिंद की ठनका गिरने से मौत हुई। झुलसी महिलाएं भी खेत में काम कर रही थीं। हालांकि उर्मिला बारिश के दौरान आंगन से कपड़े हटा रही थी।

बीते 24 घंटे में राज्य में ठनका गिरने से 10 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के नौ जिलों में वज्रपात से हुई दस लोगों की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने मृतक के परिजनों को आज ही चार-चार लाख अनुग्रह अनुदान राशि देने का निर्देश दिया है। उन्होंने कहा है कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं।

पिछले 24 घंटे में वज्रपात से नालंदा में दो तथा वैशाली, भागलपुर, सहरसा, रोहतास, सारण, जमुई, भोजपुर और  गोपालगंज में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हुई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग खराब मौसम में पूरी सतर्कता बरतें। खराब मौसम होने पर वज्रपात से बचाव के लिये आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से समय-समय पर जारी किये गये सुझावों का अनुपालन करें। खराब मौसम में घरों में रहें और सुरक्षित रहें।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें