Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Mahashivratri 2023 celebration in Bihar photos Nityanand Rai Shiv barat in Vaishali

महाशिवरात्रि पर बिहार में जगह-जगह निकली शिव बारात, वैशाली में नित्यानंद राय भोलेनाथ के गाड़ीवान बने, देखें Photos

Mahashivratri 2023: महाशिवरात्रि के मौके पर बिहार के सभी प्रसिद्ध धामों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। पातालेश्वर, कुशेश्वरधाम, हरिगिरि धाम, ब्रह्मपुर धाम, सोमेश्वर धाम पर पर्व मनाया गया।

Jayesh Jetawat लाइव हिन्दुस्तान, पटनाSat, 18 Feb 2023 09:06 AM
share Share

Mahashivratri 2023: महाशिवरात्रि के मौके पर बिहार में जगह-जगह शनिवार को शोभायात्रा निकाली गई। वैशाली की शिव बारात में केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय भोलेनाथ के गाड़ीवान बने। समस्तीपुर के थानेश्वरस्थान और विद्यापतिधाम में शिवजी के जलाभिषेक के लिए सुबह से लंबी कतारें लगने लगीं। मधेपुरा के बाबा सिंहेश्वरनाथ मंदिर में भी भारी जनसैलाब उमड़ा है। बक्सर जिले के प्रसिद्ध ब्रह्मपुर मंदिर में हजारों की संख्या में लोग बाबा के जलाभिषेक के लिए आए हैं। दरभंगा के प्रसिद्ध कुशेश्वर स्थान पर भी अलसुबह से श्रद्धालुओं का रैला दिख रहा है।

वैशाली के पातालेश्वर महादेव मंदिर से शनिवार को शिव बारात निकाली गई। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय भोलेनाथ के गाड़ीवान बने और बैलगाड़ी लेकर आगे-आगे चले। पीछे ढोल नगाड़े और गाजे-बाजे के साथ झांकियां निकाली गईं। झांकियों में देव, गंधर्व, भूत-प्रेत की वेश भूषा में भक्त शामिल हुए। लोगों ने की अपने घरों की छतों से शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा की। झांकी देखने की लिए हाजीपुर शहर में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शोभायात्रा की लंबाई करीब दो किलोमीटर रही।

बेगूसराय के गढ़पुरा स्थित प्रसिद्ध बाबा हरिगिरि धाम में महाशिवरात्रि पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही कतारबद्ध श्रद्धालु शिवलिंग पर जलाभिषेक करते देखे गए। हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजित हुआ। कोरोना काल के बाद पहली बार बाबा मंदिर में इतनी भीड़ देखी जा रही है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यहां 70 पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा अनुमंडल के विभिन्न थानों की पुलिस अलग से तैनात है। सौ से अधिक वॉलंटियर्स भी लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरे से पूरे मेला परिसर की निगरानी की जा रही है। 

पूर्वी चंपारण जिले के अरेराज में महाशिवरात्रि पर्व पर बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए आधी रात को ही मंदिर का मुख्य पट्ट खोल दिया गया। पट खुलते ही हर-हर महादेव के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। दो किलोमीटर से अधिक लंबी कतार लग गई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तीन सौ से अधिक संख्या में सुरक्षाकर्मी लगाए गए। शिवरात्रि के मौके पर यहां दूसरे जिलों और पड़ोसी देश नेपाल से भी शिवभक्त पहुंचे हैं।

मधेपुरा में स्थित उत्तर बिहार के प्रसिद्ध बाबा सिंहेश्वर नाथ मंदिर में महाशिवरात्रि के मौके पर शनिवार को भारी जनसैलाब उमड़ा। भगवान भोलेनाथ के दर्शन का सिलसिला सुबह चार बजे से शुरू हो गया। सबसे पहले साधु संत और महंतों ने दर्शन किए। फिर जिला प्रशासन द्वारा भगवान भोलेनाथ की भव्य आरती की गई। शनिवार सुबह शुरू हुआ दर्शन का सिलसिला रविवार रातभर जारी रहेगा। वहीं शाम चार बजे मंदिर प्रांगण से शिव बारात निकाली जाएगी। 

समस्तीपुर जिले के विद्यापतिधाम और थानेश्वर स्थान पर भी महाशिवरात्रि पर भारी भीड़ देखी गई। जलाभिषेक के लिए दोनों धामों पर श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। थानेश्वर स्थान में श्रद्धालुओं को शिवलिंग तक पहुंचने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। लोग घंटों तक कतार में खड़े रहकर अपनी बारी का इंतजार करते हुए नजर आए।

सुपौल में श्रद्धालुओं से पटे शिवालय 

सुपौल में शिवरात्रि को लेकर शनिवार अहले सुबह से विभिन्न जगहों पर शिवालयों में श्रद्धालुओं की खूब भीड़ उमड़ी। हर-हर महादेव के जयघोष से मंदिर परिसर गुंजायमान हो उठे। भगवान भोलेनाथ के बारात में शामिल होने के लिए शिवभक्तों ने पूरी तैयारी कर ली है। जिला मुख्यालय समेत सदर प्रखंड के तिलेश्वर महादेव मंदिर, कपिलेश्वर महादेव मंदिर, धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर में अहले सुबह से पूजा को लेकर श्रद्धालुओं की कतारें लगीं। धरहरा भीमशंकर महादेव मंदिर में शिवरात्रि पर भव्य मेला लगा है, जो 15 दिनों तक चलेगा।

कुशेश्वरस्थान में भक्तों का उमड़ा सैलाब

महाशिवरात्रि के अवसर पर दरभंगा जिले में स्थित मिथिला के बाबाधाम कुशेश्वरस्थान में भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह बाबा मंदिर का पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक शुरू कर दिया। भक्तों की सुविधा के लिए चंद्रकूप में मोटर चालित नल लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर जलार्पण कराने के लिए महिला-पुरुष जवानों को तैनात किया गया है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें