Hindi Newsबिहार न्यूज़It was decided when Amit Shah had come Tejashwi Yadav said this at Purnia rally of Grand Alliance

अमित शाह आए थे तभी तय कर लिया था, तेजस्वी यादव ने महागठबंधन की पूर्णिया रैली पर कही ये बात

पूर्णिया में 25 फरवरी को होने वाली महागठबंधन की रैली पर डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव ने कहा कि जब अमित शाह बीते साल पूर्णिया आए थे तभी तय कर किया कि महागठबंधन की रैली पूर्णिया में होगी।

Sandeep हिन्दुस्तान, पटनाFri, 10 Feb 2023 02:36 PM
share Share

लोकसभा चुनाव 2024 की तैयारी को लेकर कवायद तेज हो गई है। 25 फरवरी को पूर्णिया में महागठबंधन के सातों दलों की रैली होगी। जिसमें महागठबंधन के सभी सातों दल शामिल होंगे। पूर्णिया में होने वाले महागठबंधन के महाजुटान पर डिप्टी तेजस्वी यादव ने कहा कि पूर्णिया में 25 फरवरी को महागठबंधन के सातों दलों की रैली होगी। वहां हम अपने सहयोगियों के साथ आमसभा करने जा रहे हैं। जब अमित शाह पूर्णिया आए थे, तभी हमने सीएम नीतीश के साथ मिलकर यह तय कर लिया था कि हम लोग भी पूर्णिया के उसी मैदान से अपनी रैली की शुरुआत करेंगे। 

बिहार के साथ केंद्र का सौतेला व्यवहार- तेजस्वी
उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने केन्द्र सरकार पर बिहार के साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। और कहा कि ये लोग सिर्फ धर्म के नाम पर खेल करना जानते हैं। इसीलिए क्षेत्रीय दलों को खत्म करने की साजिश हो रही है। लेकिन, हम ऐसा नहीं होने देंगे।

आपको बता दें केंद्रीय बजट में बिहार की उपेक्षा सहित अन्य मुद्दों पर महागठबंधन 25 फरवरी को पूर्णिया के रंगभूमि मैदान में आमसभा सह रैली करेगा। सुबह 11 बजे से आयोजित आमसभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उप मुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह सहित महागठबंधन के अन्य शीर्ष नेता शामिल होंगे।

बीजेपी के खिलाफ महागठबंधन का महाजुटान
बुधवार को प्रदेश राजद कार्यालय में महागठबंधन की साझा प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी गई। नेताओं ने कहा कि केंद्रीय बजट में बिहार की उपेक्षा, संघीय व्यवस्था पर निरंतर हमला, बिहार को विशेष राज्य का दर्जा और पैकेज नहीं मिलने और गैर भाजपा शासित राज्यों के साथ सौतेला व्यवहार के खिलाफ इस रैली में आमलोगों को एकजुट किया जाएगा। उन्होने कहा कि भाजपा तथा उसके सहयोगी दल के सांसदों द्वारा बिहार के हित पर चुप्पी साधने, धर्मनिरपेक्षता पर विश्वास करने वाली ताकतों पर उन्मादी, जुमलाबाज और संविधान विरोधी कार्य करने वाली शक्तियों के हमले के खिलाफ महागठबंधन के शीर्ष नेताओं रैली करने का फैसला किया है। 

पूरे देश में जाएगा संदेश- जगदानंद
राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानन्द सिंह ने कहा कि रैली में पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, कटिहार के अलावा सुपौल, मधेपुरा, सहरसा और भागलपुर जिले के नेता और कार्यकर्ता के साथ गरीब, वंचित समाज को जोड़ने वाले सभी वर्ग के लोग शामिल होंगे। जदयू प्रदेश अध्यक्ष  उमेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि जुमलेबाजी और आश्वासन के अलावा केंद्र की भाजपा सरकार कुछ नहीं कर रही है। रैली से परिवर्तन का आगाज होगा।

कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा ने कहा कि बिहार से जो परिवर्तन हुआ है यह आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होगा। सीपीआईएमएल के केडी यादव ने कहा कि रैली में संविधान, लोकतंत्र बचाने का संकल्प लिया जायेगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस को सीपीआई के विजय नारायण मिश्रा, सीपीआईएम के सर्वोदय शर्मा, राजद के प्रधान महासचिव आलोक कुमार मेहता, हम के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. शशि कुमार भी मौजूद थे।

खास है पूर्णिया का रंगभूमि मैदान                                                                                        गौरतलब है पूर्णिया के इसी रंगभूमि मैदान में पिछले साल सितंबर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की रैली हुई थी. इस दौरान महागठबंधन के नेताओं ने घोषणा की थी कि जहां भी अमित शाह बिहार में सभा करेंगे, महागठबंधन भी उसी जगह पर जनसभाएं करेगा।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें