Hindi Newsबिहार न्यूज़Bihar Weather Today rain in Patna thunderstorm alert in Southern districts IMD mausam forecast

Bihar Weather: पटना में बारिश की संभावना, दक्षिण बिहार में वज्रपात का अलर्ट; जानें आज मौसम का हाल

मौसमविदों के मुताबिक पिछले तीन दिनों में मानसून ट्रफ पटना और गया की ओर झुलता रहा है इस वजह से बादलों की आवाजाही बढ़ी है। इन तीन दिनों में अल सुबह या देर रात आंशिक बारिश से राजधानी का मौसम सुहाना है।

Jayesh Jetawat हिन्दुस्तान, पटनाFri, 4 Aug 2023 02:39 AM
share Share

Bihar Weather Today: बिहार में मॉनसून की सक्रियता, बादलों की आवाजाही और आंशिक बारिश से मौसम में तेजी से बदलाव आया है। पिछले तीन दिनों में राजधानी पटना के अधिकतम तापमान में पांच डिग्री की कमी से लोगों ने उमस भरी गर्मी से राहत की सांस ली है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना समेत अन्य जिलों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश के आसार जताए हैं। साथ ही दक्षिण बिहार में कुछ जगहों पर वज्रपात की आशंका है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिले आंकड़ों के अनुसार 31 जुलाई को पटना का अधिकतम तापमान 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि 3 अगस्त को पटना का अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तीन दिनों में तापमान में आए अंतर का असर आम लोगों की दिनचर्या पर पड़ा है। 

मौसमविदों के मुताबिक पिछले तीन दिनों में मानसून ट्रफ पटना और गया की ओर झुलता रहा है इस वजह से बादलों की आवाजाही बढ़ी है। इन तीन दिनों में अल सुबह या देर रात आंशिक बारिश से राजधानी का मौसम सुहाना बना हुआ है। हालांकि, पटना जिले में बारिश की कमी अब भी 50 प्रतिशत से अधिक बनी हुई है। आने वाले दिनों में बारिश का ग्राफ सुधरने के आसार हैं। मौसमविदों का अनुमान है कि पांच अगस्त तक पटना सहित आसपास के जिलों में आंशिक से मध्यम बारिश होती रहेगी।

राजधानी में आज बारिश के आसार
मौसम विभाग ने शुक्रवार को पटना समेत दक्षिण बिहार में 11 जिलों में वज्रपात और मेघ गर्जन का अलर्ट जारी किया है। राज्य भर में मॉनसून की सक्रियता बढ़ने से पारा गिरा है। मौसमविदों के मुताबिक पांच अगस्त तक मानसून की गतिविधियां दक्षिण बिहार की ओर केंद्रित रहेगी। छह से उत्तर बिहार की ओर बारिश की मात्रा में बढ़ोतरी होगी। हालांकि अब भी राज्य में बारिश की कमी 45 प्रतिशत बनी हुई है। मानसून सीजन में 289 मिमी वर्षा हुई। सामान्य वर्षा की स्थिति 531.3 मिमी है।

जारी रहेगा तापमान का उतार चढ़ाव
पटना जिले में अधिकतम तापमान का उतार चढ़ाव जारी रहेगा। जिले में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के बीच रहने के आसार हैं। जुलाई जैसी परिस्थितियां अगस्त महीने में नहीं रहेंगी। इस वजह से अधिकतम तापमान नियंत्रित रहेगा और इस महीने बारिश की बेहतरी आएगी। हालांकि, बारिश की प्रकृति में भी बदलाव देखने को मिल रहा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें